बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और लाखों युवाओं के चहीते अरिजीत सिंह आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। अरिजीत भले ही आज बड़ा नाम हों, लेकिन उनका जीवन एक आम आदमी जैसे ही साधारण है। हर कामयाब व्यक्ति की तरह उन्होंने भी शुरुआती सालों में बहुत मेहनत की और रिजेक्शन भी झेले। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी, उसी का नतीजा है कि आज हर युवा अरिजीत के गानों का दीवाना है।
बता दें कि अरिजीत संगीतकार परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने बचपन से ही अपने घर में मधुर गीत और वादन की आवाज सुनी है। सुरीली आवाज उन्हें विरासत में मिली है। उनकी मां एक बहुत अच्छी गायिका थीं और उनकी नानी शास्त्रीय संगीतकार थी। जबकि उनके मामा एक बेहतरीन तबलावादक थे। यही वजह है कि अरिजीत की आवाज में इतनी मिठास है।
इस गाने से मिली पहचान: अरिजीत ने फिल्म आशिकी-2 का ‘क्योंकि तुम ही हो’ गाना गाकर हर युवा के मन में अपनी जगह और दुनियाभर में अलग पहचान बना ली थी। इससे पहले उन्हें कम ही लोग जानते थे। उन्होंने फेम गुरुकुल सिंगिंग रिएलिटी शो में हिस्सा लिया था। जहां वो टॉप-5 में आते-आते रह गए थे।लेकिन बड़े फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की नजर उनपर पड़ चुकी थी।
सांवरिया में मिला था ब्रेक: संजय लीला भंसाली को उनकी आवाज इतनी पसंद आई थी कि उन्होंने अरिजीत को सांवरिया फिल्म में गाने का मौका दिया था। ये फिल्म अरिजीत का डेब्यू थी। इस फिल्म का मशहूर गाना ‘यू शबनमी’ गाना अरिजीत ने ही गाया था। इसी के साथ-साथ रणबीर कपूर और सोनम कपूर की भी ये पहली फिल्म थी। इस फिल्म में संजय लीला भंसाली ने एक नहीं, बल्कि तीन लोगों को ब्रेक दिया था।
सलमान खान से रह चुका है विवाद: साल 2016 में अरिजीत सिंह और सलमान खान के बीच विवाद की खबरें खूब चर्चा में थी। एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान अरिजीत ने सलमान खान के मजाक पर उन्हें जवाब दे दिया था। सलमान खान को ये बर्दाश्त नहीं हुआ। ये विवाद इतना बढ़ा कि सलमान ने अपनी फिल्म सुलतान से अरिजीत का गाना तक हटवा दिया था।
इसके अलावा अरिजीत की शादीशुदा लाइफ भी काफी चर्चा में रही है। अरिजीत ने फेम गुरुकुल की ही एक कंटेस्टेंट से शादी की थी। लेकिन उनकी शादी ज्यादा दिन नहीं चली। जिसके बाद उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त से दूसरी शादी की। उनकी दूसरी पत्नी का पहले एक बेटा भी है। जो उनके साथ ही रहता है।