बॉलीवुड से लेकर साउथ में एक से बढ़कर एक सिंगर हैं, जो किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। इसी में से एक सिंगर, राइटर और म्यूजिक डायरेक्टर अमित त्रिवेदी (Amit Trivedi) हैं। उन्होंने ना केवल हिंद में बल्कि साउथ में भी अपनी स्किल की जादूगरी दिखाई है। वो लिरिक्स राइटर भी हैं। उनके अंदर प्रतिभा कूट-कूटकर भरी हुई है। अब आप सोच रहे होंगे कि अचानक उनके बारे में ये सारी बातें क्यों कर रहे हैं। चलिए वो भी बताते हैं…

दरअसल, अमित त्रिवेदी 8 अप्रैल को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 8 अप्रैल, 1979 में मुंबई में हुआ था। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ तेलुगू फिल्मों में भी संगीत दिया है। वो फिल्मों के साथ-साथ एड फिल्म्स, एलबम और टीवी शोज के लिए भी खूब म्यूजिक दिया है। वो अपनी बेहतरीन स्किल की वजह से इंडस्ट्री में अच्छा खासा नाम भी कमा चुके हैं। वो नेशनल अवॉर्ड तक जीत चुके हैं। उन्हें बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का नेशनल फिल्म आवॉर्ड (Amit Trivedi won National Film Award For Best Music Direction) भी मिल चुका है।

अमित त्रिवेदी को बचपन से ही म्यूजिक की दुनिया से काफी लगाव रहा है। वो कॉलेज में आते-आते बैंड के साथ भी जुड़ गए थे। उन्होंने इस बीच कई शोज भी किए। इतना ही नहीं कई बड़ी कंपनियों के लिए जिंगल्स भी बनाए हैं। अमित की लाइफ तब बदली जब उन्हें फिल्म ‘आमिर’ से ऑफर मिला। ये मामला 2008 का है, जब उन्हें अपनी पहली फिल्म के म्यूजिक कंपोज करने का मौका मिला। इसके बाद साल 2009 में अनुराग कश्यप की फिल्म ‘देव डी’ में काम मिला। उन्होंने लगातार दोनों फिल्मों के लिए काम किया और इससे उनकी किस्मत चमक गई थी। या फिर यूं कहे कि रातों रात उन्हें नेम और फेम दोनों ही मिल गया।

‘देव डी’ में अमित का गाना ‘इमोशनल अत्याचार’ काफी फेमस हुआ था। इस गाने ने तो तहलका ही मचा दिया था। उन्होंने इस गाने को कंपोज करने के साथ ही इसके लिरिक्स भी लिखे थे। इसके लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला था।

‘लुटेरा’ से लगा दाग!

अमित त्रिवेदी की जिंदगी में जहां ‘आमिर’ बहार बनकर आई वहीं, ‘लुटेरा’ की वजह से उनके करियर में दाग भी लग गया था। सिंगर पर चोरी का आरोप लगा था। दरअसल, इस फिल्म की थीम उन्होंने ही बनाई थी और इसी की थीम को लेकर उन पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने ब्रिटिश म्यूजिक डायरेक्टर रेचेल पॉटमैन के लिरिक्स की चोरी की है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर उन्हें खूब भला-बुरा कहा गया था। इसकी वजह से वो काफी घबरा गए थे। अमित ने इस बात को भी कबूला था कि इसकी वजह से वो काफी हिल गए थे।