साउथ सिनेमा के स्टार एक्टर अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपने करियर में ढेरों ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। वो फिल्मी बैकग्राउंड से आते हैं। लेकिन, उनके लिए भी चीजें आसान नहीं थी। अभिनय के दम पर इंडस्ट्री में सिक्का जमाने में काफी वक्त लगा मगर आज उन्हें दुनियाभर में जाना जाता है। प्रोफेशनल लाइफ के अलावा अल्लू अर्जुन को उनकी पर्सनल लाइफ के लिए भी जाना जाता है। स्नेहा रेड्डी और अल्लू अर्जुन साउथ इंडस्ट्री के फेवरेट कपल्स की लिस्ट में शुमार हैं। आज भले ही इनकी जोड़ी फेवरेट कपल में से एक लेकिन, इस रिश्ते की शुरुआत जितनी आसान थी उतना ही मुश्किल इसे परमानेंट नाम देना था। चलिए बताते हैं ‘पुष्पा’ को उनकी रियल श्रीवल्ली को पाने में कितने पापड़ बेलने पड़े थे।
अल्लू अर्जुन आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 8 अप्रैल, 1982 को हुआ था। वो इस खास मौके पर आपको अल्लू अर्जुन और उनकी वाइफ स्नेहा रेड्डी की लव स्टोरी के बारे में बता रहे हैं। इस रिश्ते की शुरुआत तब हुई थी जब एक शादी को अटेंड करने के लिए दोनों अमेरिका के लिए गए थे। इसी शादी के दौरान अल्लू अर्जुन ने स्नेहा की एक झलक देखी थी। वो पहली ही नजर में उनको अपना दिल दे बैठे थे। हालांकि, एक्टर ने उस समय उनका नंबर नहीं मांगा लेकिन, मन में उनको जानने के लिए अंतर युद्ध जरूर चल रहा था। एक खलबली सी थी, जिसकी वजह से बाद में अभिनेता ने उनका नंबर अरेंज कर ही लिया। यहीं से उनकी बातचीत शुरू हुई और बात आगे बढ़ी।
अल्लू अर्जुन तो स्नेहा को पहली ही नजर में पसंद करने लगे थे। आगे चलकर जब बातों का सिलसिला आगे बढ़ा तो वो उनके प्यार में गोता लगाने लगे। हालांकि, इस दौरान दोनों ने अपने रिश्ते के बारे में किसी को नहीं बताया और ना ही किसी को भनक लगने दी। फिर जब ये बात अल्लू अर्जुन के पिता को चली तो वो लोग तो शादी के लिए फट से राजी हो गए लेकिन, ससुर जी को मनाना उनके लिए काफी मुश्किल हो गया। जब स्नेहा के पिता बिजनेसमैन कंचरला चंद्रशेखर रेड्डी को ये बात पता चली तो पहले तो उन्होंने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था। अल्लू अर्जुन के साथ वो बेटी की शादी के लिए राजी नहीं हुए। फिर भी स्नेहा और अल्लू अर्जुन हार नहीं माने और दोनों चुपके चुपके एक-दूसरे को डेट करते रहे। फिर एक दिन जब बात नहीं बनी तो अभिनेता ने अपने पिता अरविंद अल्लू को स्नेहा के घर परिवार को मनाने के लिए भेज दिया और उनका ये आइडिया काम कर गया। वो इस रिश्ते के लिए राजी हो गए।
फिर क्या था स्नेहा के पिता के राजी होने के बाद अल्लू अर्जुन ने इस रिश्ते को ऑफिशियल करने में और देरी नहीं लगाई। उन्होंने 6 मार्च 2011 को हैदराबाद में धूमधाम से शादी रचा ली। इनकी शादी में इंडस्ट्री के नामी कलाकार पहुंचे थे। अल्लू अर्जुन के रिश्तेदार चिरंजीवी और उनका परिवार पहुंचा था। आपको बता दें कि अल्लू अर्जुन और राम चरण कजिन हैं। शादी के बाद इस रिश्ते से स्नेहा और अल्लू अर्जुन के दो बच्चे हैं। एक बेटा और दूसरी बेटी। बेटी अल्लू अर्जुन के बेहद ही करीब हैं।
पावरफुल बिजनेसवुमन हैं स्नेहा रेड्डी
गौरतलब है कि जहां ‘पुष्पा’ स्टार अल्लू अर्जुन एक सफल अभिनेता हैं और उनकी फैन फॉलोइंग दुनियाभर में है ठीक वैसे ही उनकी वाइफ एक सफल और पावरफुल बिजनेसवुमन हैं। वो फिल्म इंडस्ट्री से दूर हैं लेकिन सोशल मीडिया पर काफी फेमस हैं। वह ‘पिकाबू’ नाम से प्रोफेशनल फोटोग्राफी स्टूडियो चलाती हैं। अगर उनकी नेटवर्थ की बात की जाए तो ये 42 करोड़ रुपए बताई जाती है।