बॉलीवुड में डिंपल गर्ल के नाम से फेमस एक्ट्रेस प्रीति जिंटा को उनकी बेहतरीन एक्टिंग के लिए जाना जाता है। चुलबुली सी नजर आने वाली प्रीति ने ऑन स्क्रीन काफी सीरियस किरदार निभाए। उन्होंने अपने करियर में महिला प्रधान फिल्में कीं। मॉडलिंग से करियर की शुरुआत करने वाली प्रीति ने हिंदी के अलावा तेलुगु, तमिल, पंजाबी और अंग्रेजी भाषा में भी फिल्में कीं। उन्होंने बॉलीवुड में क्या कहना, मिशन कश्मीर, कल हो ना हो, संघर्ष जैसी फिल्मों में काम किया। प्रीति का जन्म 31 जनवरी (1975) को शिमला में हुआ। प्रीति का जन्म एक आर्मी परिवार में हुआ था। इनके दो भाई दीपांकर और मनीष हैं। इनके पिता की एक कार एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। उस समय प्रीति महज 13 साल की थीं।
प्रीति ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। वह फिल्मों में आने से पहले पर्क चॉकलेट और लिरिल साबुन के ऐड में भी दिखाई दीं थी। प्रीति ने 1997 में शेखर कपूर की फिल्म ‘तारा रम पम पम’ को साइन किया। इस फिल्म में उनके अपोजिट ऋतिक रोशन को साइन किया गया था, लेकिन कुछ वजह से यह फिल्म बन नहीं सकी। इसके बाद उन्होंने साल 1998 में मणिरत्नम की फिल्म दिल से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में प्रीति बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान के साथ नजर आईं। फिल्म में प्रीति की एक्टिंग को काफी पसंद किया गया। फिल्म के लिए प्रीति को फिल्मफेयर का बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला। वह अपने करियर में सोल्जर, क्या कहना, चोरी चोरी चुपके चुपके, अरमान, कोई मिल गया, कल हो ना हो, वीर जारा जैसी सफल फिल्मों में काम कर चुकी हैं।

प्रीति का असली नाम प्रीतम जिंटा है। उन्होंने फिल्मों में कदम रखने के दौरान अपना नाम बदल कर प्रीति जिंटा कर लिया।
प्रीति ने साल 2016 में अपने बॉयफ्रेंड जीन गुडइनफ से शादी की थी। इससे पहले प्रीति बिजनेसमैन नेस वाडिया के साथ रिलेशनशिप में थीं लेकिन कई साल डेट करने के बाद दोनों एक दूसरे से अलग हो गए।
प्रीति छोटे पर्दे पर भी काम कर चुकी हैं। वह कलर्स चैनल के रिएलिटी शो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड-अब इंडिया तोड़ेगा में भी नजर आईं। प्रीति साल 2015 में डांस रिएलिटी शो नच बलिए में जज की भूमिका निभा चुकी हैं।
प्रीति जिंटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की क्रिकेट टीम किंग्स इलेविन पंजाब की सह-मालकिन हैं।