सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फायरिंग में इस्तेमाल हुई दोनों बंदूकों को सूरत की तापी नदी से बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही उन्हें एक जिंदा कारतूस भी मिला है।

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया कि पूछताछ के दौरान शूटर सागर पाल और विक्की गुप्ता ने पूछताछ में खुलासा किया था कि उन्होंने फायरिंग के बाद सूरत पहुंचकर गन को तापी नदी में फेंक दिया था। उन्होंने ये भी बताया कि उनके पास दो गन थी और उन्हें दोनों गन से 10 राउड फायरिंग करने का ऑर्डर मिला था।

दोनों शूटर को गोली चलानी थी लेकिन पकड़े जाने के डर से केवल एक ही फायरिंग कर पाया और फिर दोनों वहां से भाग गए। पुलिस की मानें तो ज्यादातर सबूत इकट्ठा कर लिए गए हैं और इसके बाद लॉरेंस बिश्नोई की कस्टडी में लिया जा सकता है। अब तक पुलिस 10 लोगों का बयान दर्ज कर चुकी है।

पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के अनुसार सूरत के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने जानकारी दी थी कि मुंबई पुलिस की एक टीम बंदूक बरामद करने सूरत पहुंची है। एनकाउंटर स्पेशलिस्ट वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दया नायक भी मुंबई क्राइम ब्रांच टीम के साथ सूरत गए थे। जहां स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से एक बंदूक बरामद की गई।