बॉलीवुड एक्टर गोविंदा को मंगलवार की सुबह गोली लग गई। अपनी पिस्तौल साफ करने के दौरान उनके साथ ये हादसा हुआ। उस समय एक्टर कोलकाता निकलने की तैयारी कर रहे थे। घटना सुबह 5 बजे के करीब की है। उस समय उनके घर में भी कोई मौजूद नहीं था सिवाय एक नौकर के। पत्नी सुनीता आहूजा पहले ही कोलकाता जा चुकी थीं। ऐसे में गोली लगने के बाद एक्टर को जैसे-तैसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वो आईसीयू में हैं। गोली निकालने के बाद एक्टर की हालत स्थिर थी। सुनीता भले ही मौके पर मौजूद नहीं थीं लेकिन उनकी बेटी टीना आहूजा लगातार पापा की देखभाल कर रही थीं। इसी बीच अब घटना के एक दिन बाद सुनीता आहूजा अस्पताल उनसे मिलने के लिए पहुंचीं। उन्होंने पति से मिलने के बाद उनकी हेल्थ से जुड़ा अपडेट दिया है।
सुनीता आहूजा ने पति गोविंदा से मिलने के बाद मीडिया से भी बात की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी। डॉक्टर्स ने गोविंदा की सर्जरी करके पैर से गोली निकाल दी है, जिसके बाद से उनकी हालत स्थिर है। एक्टर का भी इस मामले के बाद पहला रिएक्शन सामने आया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि वो ठीक हैं और सभी का धन्यवाद भी किया था। उन्हें ICU में डॉक्टर्स की देख-रेख में रखा गया था।
अब सुनीता आहूजा ने पति से मिलने के बाद उनकी हेल्थ अपडेट को लेकर कहा कि उनकी तबीयत अभी ठीक है। आज उनको नॉर्मल वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। पहले से उनकी तबीयत काफी बेहतर है। सुनीता ने ये भी बताया कि उनके हिसाब से तो आने वाले एक दो दिन में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक्टर आशीर्वाद से एकदम ठीक हो गए हैं। उनके लिए पूजा और प्रार्थना चल रही है।
मिसफायर में लगी गोविंदा को गोली
बहरहाल, अगर गोविंदा को गोली लगने के बारे में बात की जाए तो उनके मैनेजर शशि सिन्हा के मुताबिक, एक्टर एक प्रोग्राम में शामिल होने के लिए कोलकाता जा रहे थे। उनकी सुबह 6 बजे की फ्लाइट थी। वो अपना रिवॉल्वर साफ करके अलमारी में रख रहे थे तो तभी उनका रिवॉल्वर नीचे गिर गया और मिसफायर हो गया। इससे गोली उनके पैर में लग गई।