एक्ट्रेस गौहर खान सोशल मीडिया पर एक वीडियो देख भड़क उठीं। यह वीडियो भोपाल का बताया जा रहा है, जिसमें एक महिला फल वाले के ठेले से फल उठाकर सड़क पर फेंकती नजर आई। गौहर खान ने जब यह वीडियो देखा, तो उन्होंने महिला के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।

दरअसल यह वीडियो पापराजी के इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा की गई थी। इस वीडियो को देख गौहर खान ने उसपर टिप्पणी की और लिखा, ” दिमाग खराब है, इसे शर्म आनी चाहिए। कृप्या मुझे इस ठेले वाले के बारे में जानकारी दें। मैं इसके सारे फल खरीदना चाहती हूं, जिसका नुकसान इस महिला ने किया है। इस महिला का नाम बताइये, ताकि उसे शर्मिंदा किया जा सके।”

एक्ट्रेस के इस कमेंट के बाद कई यूजर्स उनका साथ देते नजर आए। एक यूजर ने लिखा-” गौहर खान, मैं आपकी बात से सहमत हूं। लोगों में धैर्य नहीं है, इसलिए वह अपना आपा खो देते हैं। वहीं अन्य यूजर ने लिखा कि आप एक बेहद नेक इंसान हैं।

कुमार विश्वास का भी फूटा गुस्सा: अब इस वीडियो पर कवि कुमार विश्वास का भी महिला के खिलाफ गुस्सा फूटा है। उन्होंने वीडियो पर लिखा, “ईगो चला रही थीं या ऑल्टो?”

ट्विटर पर भी जारी रही गौहर की बहस: गौहर खान अपनी बात को बेबाकी से कहने में कभी पीछे नहीं हटतीं। इससे पहले भी वह अपने बयानों को लेकर काफी सुर्खियों में रही हैं। हाल ही में उनके पुराने करीबी दोस्त कुशाल टंडन को लेकर भी ट्विटर पर विवाद छिड़ा हुआ है। ट्रोल्स ने उनके बारे में लिखा था कि गौहर कुशाल का धर्म परिवर्तन कराना चाहती थीं।

जिसके बाद दोनों अलग हो गए थे। इसपर ट्वीट करते हुए गौहर ने लिखा- ”हे लूजर, मैं एक मु्स्लिम हूं और कोई हमें हमारे अधिकार को पाने से नहीं रोक सकता। इंडिया एक सेक्युलर देश है, जहां लोकतंत्र है, जैसा आप चाहते हैं, यहां कोई तानाशाही नहीं है। इसलिए आप अपने अमेरिकन स्टेटस में आराम से रहिए और मेरे देश में नफरत फैलाना बंद करें।”

बता दें कि गौहर खान बिग बॉस सीजन 7 की विनर रह चुकी हैं। बिग बॉस के दौरान उनकी दोस्ती टीवी एक्टर कुशल टंडन से हुई थी। शो के अंदर दोनों एक दूसरे के साथ खड़े नजर आते थे। लंबे समय तक साथ रहने के बाद दोनों अलग हो गए थे। हालांकि बताया जाता है कि दोनों अब भी अच्छे दोस्त हैं। गौहर साल 2020 में इस्माइल दरबार के बेटे जैद दरबार के साथ शादी के बंधन में बंध गई थीं।