बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) इन दिनों फिल्म ‘निकिता रॉय’ को लेकर चर्चा में हैं। इसे पहले 27 जून, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था लेकिन, महाक्लैश की वजह से मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया। अब ये फिल्म 18 जुलाई, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। शादी के बाद उनकी ये पहली फिल्म है। आखिरी बार उनको ‘दहाड़’ में देखा गया था। उनकी इस रिलीज के बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उनसे ‘रामायण’ को लेकर सवाल किया जाता है, जिसका वो जवाब नहीं दे पाती हैं और हेल्प लेनी पड़ती है।
दरअसल, सोनाक्षी सिन्हा ने एक बार अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में शिरकत की थी। इस दौरान वो राजस्थन की कंटेस्टेंट के लिए केबीसी के मंच पर आती हैं और एक लाख 60 हजार के ‘रामायण’ से जुड़े सवाल का जवाब नहीं दे पाई थीं, जिसकी वजह से उन्हें पहले भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। वहीं, शो में बिग बी ने उन्हें लताड़ लगाई थी कि घर का नाम रामायण होते हुए भी वो इसका जवाब नहीं दे पाईं। इसके लिए उन्हें लाइफलाइन का इस्तेमाल करना पड़ा था।
क्या था रामायण से जुड़ा सवाल?
अमिताभ बच्चन ने शो में एक लाख साठ हजार रुपये जीतने के लिए सवाल किया था, ‘रामायण में हनुमानजी किसके लिए संजीवनी बूटी लेकर आए थे?’ इसके लिए बिग बी ने उन्हें चार ऑप्शन भी दिए थे। A. सुग्रीव B. लक्ष्मण C. सीता और D. राम। ये सवाल सामने आते ही सोनाक्षी कंफ्यूज दिखीं। पहले तो वो सहयोगी कंटेस्टेंट के साथ सीता का नाम लेती हैं फिर लक्ष्मण और राम पर आकर अटक जाती हैं। इस पर अमिताभ बच्चन भी चौंककर उनका चेहरा देखते हैं और बाद में उन्हें लाइफलाइन लेने के लिए कहते हैं।
रामायण के सवाल का जवाब देने के लिए लेनी पड़ी हेल्प
सोनाक्षी ‘आस्क दी एक्सपर्ट’ वाली लाइफलाइन का इस्तेमाल करती हैं। वो एक्सपक्ट श्वेता की मदद लेती हैं और वो भी तंज कसते हुए कहती हैं, ‘रामायण सीरियल हम सभी ने बचपन से ही देखा था और ये हर रविवार को टीवी पर आता था। सीरियल और फिल्मों ने हमारे जीवन को शुरू से ही इतना प्रभावित किया है कि जिन्होंने किताब नहीं भी पढ़ी होगी उनको भी याद हो जाए। इसका सही जवाब लक्ष्मण है।’ बाद में सोनाक्षी कहती हैं, ‘मुझे लग ही रहा था। वो घायल हो गए थे।’
बिग बी ने सोनाक्षी को किया था ट्रोल
फिर बिग बी उन्हें ‘संजीवनी बूटी’ का किस्सा बताते हैं। इसके बाद वो उन्हें ट्रोल करते हैं और कहते हैं कि आपके घर में पूरा रामायण है। उनके घर का नाम रामायण है और कहते हैं, ‘आपको ये नहीं पता कि हनुमानजी किसके लिए संजीवनी बूटी लाए थे।’