Folk Singer Sharda Sinha: पद्म भूषण से सम्मानित लोक गायिका शारदा सिन्हा से जुड़ी एक परेशान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि शनिवार को उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल के आईसीयू वॉर्ड में भर्ती करवाया गया है। यह खबर सुनने के बाद सिंगर के फैंस काफी परेशान हो गए हैं। यहां तक कि बिहार के कुछ लोगों ने तो महामृत्युंजय जाप और विशेष पूजा करना भी शुरू कर दिया है।

खाने-पीने में हो रही थीं मुश्किलें

बता दें कि लोक गायिका शारदा सिन्हा को पिछले एक हफ्ते से खाने-पीने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके लिए वो दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज भी करवा रही थीं, लेकिन 26 अक्टूबर की सुबह अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इमरजेंसी वार्ड में एडमिट कराया गया। हालांकि, अभी तक उनके मेडिकल स्टाफ द्वारा कोई भी स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

पति की मौत के बाद से थीं परेशान

हाल ही में शारदा सिन्हा के पति का ब्रेन हैमरेज से निधन हुआ था। ऐसे में वह पिछले कुछ समय से अपने पति की मौत के बाद से काफी परेशान रहने लगी थीं। पति की मौत के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी किया था, जिसमें उन्होंने लिखा कि लाल सिंदूर बिन मंगियों न सोभे… पर सिन्हा साहब की मधुर स्मृतियों के सहारे संगीत यात्रा को चलायमान रखने की कोशिश रहेगी। खासकर आज के दिन सिन्हा साहब को मेरा प्रणाम समर्पित।

लोगों ने शुरू की विशेष पूजा

न्यूज 18 में छपी खबर के मुताबिक, जैसे ही लोगों को इस बारे में पता चला वह परेशान हो गए। यहां तक कि बिहार के गोपालगंज में तो सिंगर के लिए महादेव मंदिर और थावे मां भवानी के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। ताकि वह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।

छठ के गीतों के लिए मशहूर हैं शारदा सिन्हा

बता दें कि बिहार में शारदा सिन्हा के गीतों के बिना महापर्व छठ पूजा अधूरी मानी जाती है। लोग उनके गानों को काफी पसंद करते हैं और अभी तक वह 60 से ज्यादा गाने गा चुकी हैं। संगीत में उनके इसी योगदान के लिए उन्हें 1991 में पद्मश्री और 2018 में पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया गया था।