फिल्ममेकर अशोक पंडित के नाम पर फेक ट्विटर अकाउंट बनाकर फेक न्यूज फैला रहे एक शख्स के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। 9 अक्टूबर को मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में ट्विटर यूजर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शख्स का नाम डॉक्टर नीमो यादव बताया जा रहा है, जिसका ट्विटर हैंडल नीरव मोदी के नाम पर है। यूजर पर आरोप है कि वह अशोक पंडित को लेकर अफवाह फैला रहा था। वह अपने अकाउंट के साथ-साथ अशोक पंडित के नाम पर भी अकाउंट बनाकर उसका गलत इस्तेमाल कर रहा था।

बताया जा रहा है कि ये यूजर अक्सर सेलेब्स के बारे में खराब बातें लिखता है, लेकिन हाल ही में इसने अशोक पंडित को लेकर ऐसा कुछ लिखा, जिसने उनके दोस्त और परिवार वालों को परेशान कर दिया। आरोपी ने अशोक पंडित की सेहत को लेकर फेक न्यूज फैलाई थी, जबकि फिल्ममेकर एक दम ठीक हैं।

हंसल मेहता ने किया था रिप्लाई

डायरेक्टर हंसल मेहता ने इस शख्स के ट्वीट पर कमेंट किया और ऐसी अफवाह फैलाने के लिए मना किया। मेहता ने शख्स के ट्वीट पर लिखा, “यह बकवास अफवाह फैलाना बंद करो। आपको फर्जी खबरों के लिए रिपोर्ट कर रहा हूं। अशोक पंडित स्वस्थ हैं। किसी के स्वास्थ्य के बारे में इस तरह की गंदगी फैलाना, भले ही वह आपका सबसे बड़ा दुश्मन ही क्यों न हो, नीचतापूर्ण है।”

अशोक पंडित ने की अपील

अशोक पंडित ने सीएम एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस से शख्स के खिलाफ एक्शन लेने की अपील की है। पंडित ने कहा, “अपने ट्विटर अकाउंट से अफवाह फैलाकर और मेरा फर्जी अकाउंट बनाकर दहशत फैलाने के आरोप में इस व्यक्ति की पहचान की जानी चाहिए और उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”

“मैं मुंबई पुलिस को उक्त व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए धन्यवाद देता हूं।” आरोपी ब्रहामण अशोक के नाम से फिल्ममेकर का फेक अकाउंट बनाकर उसका इस्तेमाल भी कर रहा था।