FIR Against India’s Got Latent Contestant: कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ अक्सर किसी ना किसी वजह से चर्चा में रहा है। ये एक कॉमेडी शो है, जिसमें अपने बयानों की वजह से समय रैना भी कई बार हेडलाइन्स में नजर आ जाते हैं। ऐसे में अब उनका शो एक बार फिर से सुर्खियों में है। वजह है कि विवादित बयान। लेकिन, ये स्टेटमेंट उन्होंने नहीं बल्कि शो में नजर आई एक कंटेस्टेंट ने दिया है, जिसके बाद वो कानूनी पचड़े में फंसते हुए नजर आईं। चलिए बताते हैं पूरा मामला।
दरअसल, हाल ही में समय रैना के शो में अरुणाचल प्रदेश की रहने वालीं जेस्सी नवाम ने पार्टिसिपेट किया था। इस दौरान उनके मजाकिया अंदाज पर सभी ठहाके लगाकर खूब हंसे। लेकिन, उनका एक मजाक कई लोगों को पसंद नहीं आया, जिसके बाद उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा। बात कुछ ऐसी है कि समय रैना के शो में हाल ही में अरुणाचल प्रदेश की रहने वावी जेस्सी ने अपने ही राज्य के लोगों को लेकर कुछ ऐसा कह दिया, जिस पर बवाल खड़ा होता नजर आ रहा है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
बात कुछ ऐसी थी कि जब समय रैना ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने कभी कुत्ते का मांस खाया है तो जेस्सी नवाम ने इसके जवाब कहा कि उन्होंने तो कभी नहीं खाया, लेकिन अरुणाचल प्रदेश के लोग इसे खाते हैं। इसके बाद उन्होंने ये भी कहा कि उनके दोस्त इसे खाते हैं। वो यहीं नहीं रुकती हैं जेस्सी कहती हैं कि उनके दोस्त कभी-कभी अपने पालतू जानवरों को भी खा लेते हैं।
पैनलिस्ट को लगा था मजाक
अरुणाचल प्रदेश के लोगों को लेकर जेस्सी की ये टिप्पणी उस समय पैनलिस्ट को मजाक वाली लगी। लेकिन बाद में इस बयान को लेकर विवाद बढ़ता चला गया। शो में दूसरे पैनलिस्ट बलराज सिंह घई ने इसे केवल मजाक बताया और कहा कि जेस्सी ने सारी बातें केवल मजाक के तौर पर कही थीं। लेकिन, जेस्सी नवाम का दावा था कि उनकी टिप्पणी एक दम सही थी और उन्होंने जो कुछ कहा था वो सच है।
जेस्सी की बढ़ीं मुश्किलें, FIR दर्ज
जेस्सी का ये एपिसोड देखने के बाद अब अरुणाचल प्रदेश के एक निवासी अरमान राम वेली बाखा ने उन पर एफआईआर दर्ज करवाई है। एफआईआर की एक कॉपी भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें अरमान ने इस बात की शिकायत की कि जेस्सी नवाम ने अरुणाचल प्रदेश के मूल निवासियों के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। FIR में शख्स ने जल्द से जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। ताकि ऐसा कोई और ना करे जैसा जेस्सी ने किया है।
जेस्सी के खिलाफ ये एफआईआर 31 जनवरी, 2025 की गई। ये शिकायत इटानगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी को की गई है। वहीं, समय रैना और शो की टीम की ओर से इस मामले पर कोई भी ऑफिशियल प्रतिक्रिया नहीं आई है। मामला सोशल मीडिया पर काफी गरमाया हुआ है। इसकी खूब चर्चा हो रही है।
