ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर को कोर्ट से राहत नहीं मिल पाई है। कोर्ट के फैसले से पहले ही पुलिस द्वारा हिरासत मिलने का बयान सामने आने के बाद ही यह मामला विवादों से घिर गया। हालांकि अब फिल्ममेकर अशोक पंडित ने ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक प्रतीक सिन्हा की भी गिरफ्तारी की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?: प्रतीक सिन्हा के कई पुराने ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें उन्होंने त्योहारों और देवी देवताओं पर टिप्पणी की है। इस पर लोग हिन्दू-देवी देवताओं का अपमान करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाकर गिरफ्तारी की मांग कर कर रहे हैं।
अशोक पंडित ने प्रतीक सिन्हा का एक ट्वीट शेयर किया है, जिसमें वह गणेश के ऊपर टिप्पणी कर रहे हैं.। इस ट्वीट को शेयर कर अशोक पंडित ने प्रतीक सिन्हा की गिरफ्तारी की मांग की है। प्रतीक का ट्वीट शेयर कर पत्रकार आशुतोष चतुर्वेदी ने लिखा कि ‘दूसरे की भावना के बारे में क्या? इस आदमी के बारे में क्या? कोई गतिविधि? जेल ?’
भाजपा हरियाणा के आईटी हेड अरुण यादव ने लिखा कि ‘Alt न्यूज के प्रतीक सिन्हा ने भगवान गणेश का मजाक बनाया था, उसकी गिरफ्तारी कब होगी? क्या वो भी टीवी पर लाइव आकर माफी मांगेगा?’ अभिषेक नाम के यूजर ने लिखा कि ‘क्या सवाल पूछना हमारे धर्म में अपराध है? अगर ऐसा है तो इस्लाम और हिंदू धर्म में क्या अंतर होगा। उसने कुछ भी अपमानजनक नहीं कहा, उसने बस एक साधारण सवाल पूछा।’
नंदकिशोर नाम के यूजर ने लिखा कि ‘वह हमारे हिंदू देवताओं के बारे में बात कर रहा है, भारत के तथाकथित धर्मनिरपेक्ष दलों के लिए क्या यह मुद्दा होगा? या उनके पास केवल विशिष्ट धर्म के लिए मुद्दे हैं? बहुसंख्यक हिंदुओं की भावनाओं से उनका कोई लेना-देना नहीं है। एक यूजर ने लिखा कि ‘धमकी वो देंगे, जेल में आपको डालेंगे, शिवलिंग का मजाक वो बनाएंगे, माफी आप से मंगवाएंगे।’
बता दें कि ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर को सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी। हालांकि अब लोग प्रतीक सिन्हा की भी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।