बॉलीवुड फिल्ममेकर अशोक पंडित इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 72 हूरें को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस फिल्म का टीजर रिलीज हो चुका है और टीजर सामने आने के बाद से सोशल मीडिया पर इसका जमकर विरोध हो रहा है। लोग इसे बैन करने की मांग कर रहे हैं। लगातार हो रहे विरोध के बीच मेकर्स ने एक नया एलान कर दिया है। इस फिल्म का टीजर अब हिंदी के अलावा अन्य 10 भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।

अशोक पंडित फिल्म का खूब प्रमोशन कर रहे हैं। वह लगातार सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर ट्वीट कर रहे हैं। इसी बीच खबर आ रही है कि अशोक पंडित का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड हो गया है। अब इस पर बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने अपनी प्रतिक्रिया है। उन्होंने पोस्ट करते हुए सवाल किया है कि कहीं इसके पीछे की वजह फिल्म 72 हूरें तो नहीं है? बीजेपी नेता ने अपने पोस्ट में और क्या कुछ कहा आइए आपको बताते हैं।

कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर क्या कहा

कपिल मिश्रा ने एक ट्वीट कर अशोक पंडित का अकाउंट सस्पेंड किए जाने का विरोध किया है। उन्होंने ट्वीट कर पूछा कि 72 हूरें की रिलीज से पहले अशोक पंडित का ट्विटर अकाउंट क्यों सस्पेंड किया गया। उन्होंने अकाउंटर को फिर से चालू करने की मांग भी की है।

फिल्ममेकर ने यूजर को दी थी जान से मारने की धमकी

गौरतलब है कि अशोक पंडित का अकाउंट सस्पेंड करने की वजह फिल्ममेकर द्वारा एक ट्विटर यूजर को जान से मारने की धमकी बताई जा रही है। हालांकि अशोक पंडित ने अपने ट्वीट को तुरंत डिलीट कर दिया था। दरअसल अशोक पंडित ने भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन के पैरोडी अकाउंट चलाने वाले यूजर को धमकी दी थी। इसी पर बवाल मच गया और फिल्ममेकर का अकाउंट सस्पेंड हो गया। अशोक पंडित का ट्वीट काफी वायरल हो रहा है।

72 हूरें पर क्यो हो रहा विवाद

संजय पूरन सिंह चौहान की फिल्म ’72 हूरें’ का टीजर बीते रविवार को रिलीज किया गया। 51 सेकंड के इस टीजर में ओसामा बिन लादेन, अजमल कसाब, याकूब मेमन, मसूद अजहर, हाफिज सईद और सादिक सईद जैसे खूंखार आतंकवादियों और चरमपंथी नेताओं का जिक्र है।

फिल्म को लेकर कहा जा रहा है कि इसके जरिए मुसलमानों की छवि खराब करने की कोशिश की गई है और यह एक प्रोपेगैंडा फिल्म है। फिल्म के टीजर में दिखाया गया कि युवाओं को 72 हूरों का लालच देकर आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए उकसाया जाता है। यह फिल्म 7 जुलाई को रिलीज होगी।