उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसे लेकर सभी राजनीतिक दलों में सरगर्मी बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह के वीडियोज देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच ट्विटर पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता कथित तौर पर भाजपा के झंडे को कुचलते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में दोनों दलों के कार्यकर्ता जश्न मनाते हुए झंडे के ऊपर नाच रहे हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इसकी आलोचना कर रहे हैं। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी अपने ट्विटर अकाउंट पर ये वीडियो साझा किया है।

अखिलेश यादव को घेरते हुए अशोक पंडित ने लिखा है, ”समाजवादी पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल के शांति-प्रिय कार्यकर्ता बीजेपी के झंडे पर नाचते हुए। अभी चुनाव प्रचार में ये हाल है तो सोचो ये लोग हारने के बाद अपना ग़ुस्सा कैसे निकालेंगे? ” इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव और जयंत चौधरी को भी टैग करते हुए लिखा, ”क्या शिक्षा दी है आपने… शाबाश। योगी आएगा भगवा छाएगा, फिर से बीजेपी।”

अशोक पंडित के ट्वीट पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। एक यूजर ने तंज कसा, ‘चुनाव के बाद चाक-चौबंद कानून व्यवस्था का एक नमूना।’ सिटी लैब नाम के हैंडल से लिखा गया, ”ये दोनों दल गुंडों का प्रतिनिधित्व करते हैं।” एक हैंडल से टिप्पणी आई, ”अशोभनीय व्यवहार है, देश धर्म समाज की संस्कृति सभ्यता और संस्कारों को भूलना है!”

बता दें कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गर्म है। उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होने हैं, जिसके परिणाम 10 मार्च को घोषित कर दिए जाएंगे। कोरोना संक्रमण के कारण रैली और सभाओं पर रोक लगी है। सभी पार्टियां सोशल मीडिया के जरिए जोर-शोर से अपना प्रचार कर रही हैं।