कांग्रेस कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो’ यात्रा निकाल रही है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की इस यात्रा का आज 13वां दिन है। 19 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल के अलाप्पुझा के वडकल समुद्र तट पर मछुआरों से बात की, साथ ही पुन्नमदा झील में स्नेक बोट रेस में भाग लिया और चप्पू चलाते नजर आए।
इसी के साथ राहुल गांधी ने कहा कि ‘जब हम सभी एक साथ पूर्ण सद्भाव में काम करते हैं, तो ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसे हम पूरा नहीं कर सकते।’ राहुल गांधी के इस बयान पर फिल्ममेकर अशोक पंडित ने कटाक्ष किया है।
अशोक पंडित ने किया ट्वीट
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘यही तो देश आपको समझा समझा कर थक गया है। चलो अब जब आपको सबको साथ में लेकर चलने की बात समझ में आ ही गई है तो गांधी परिवार से बाहर किसी को पार्टी का अध्यक्ष बना दीजिए।’
राहुल गांधी का एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो एक कथक डांसर से बात करते नजर आ रहे हैं। अशोक पंडित ने इस वीडियो को साझा करते हुए चुटकी ली है। उन्होंने लिखा, ‘इशारे-इशारे से यह कथक डांसर भी राहुल बाबा से यही कह रहा है कि “आएगा तो मोदी ही“।’
लोगों की प्रतिक्रियाएं
अशोक पंडित के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पंकज नाम के यूजर ने लिखा कि ‘जैसे चप्पू अच्छा चलाते हैं, वैसे ही अगर पार्टी को भी अच्छी तरह से चला लेते तो कितना अच्छा होता। आज ऐसे चप्पू चलाने की जरूरत नहीं होती।’ अजय नाम के यूजर ने लिखा कि ‘क्यों फिरकी ले रहे हो पंडित जी।’ गीतेश नाम के यूजर ने लिखा कि ‘इन्होंने अपने भांजे को भी वाड्रा से गांधी बना दिया है।’
कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएंगी भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी। इस यात्रा के दौरान राहुल 12 राज्यों से गुजरकर 3,570 किलोमीटर लंबी दूरी तय करने वाले हैं। यह यात्रा अभी केरल में है। 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी। यह यात्रा पांच महीनों तक चलेगी। राहुल गांधी रात के समय कंटेनर में सो रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी आर्थिक विषमताओं, सामाजिक ध्रुवीकरण, राजनीतिक केंद्रीकरण की समस्याओं और विचारधाराओं की लड़ाई के रूप में यह रैली कर रहे हैं।