फिल्ममेकर अशोक पंडित आए दिन सोशल मीडिया पर खुलकर अपनी बात रखते नजर आते हैं। अशोक पंडित अपनी पोस्ट के जरिए सरकार और देश के हालातों से जुड़े कई सवाल भी खड़े करते हैं। अब उन्होंने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं-लड़ सकती हूं’ मुहिम के तहत बरेली में रखी मैराथन के दौरान मची भगदड़ को लेकर ट्वीट किया है।
दरअसल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 होने वाले हैं, जिसे लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में लग गई हैं। इसी बीच सोमवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं-लड़ सकती हूं’ मुहिम के तहत बरेली बिशप मंडल इंटर कॉलेज के मैदान में सुबह 10 बजे मैराथन रखी थी। जिस दौरान वहां भगदड़ मच गई। इस मैराथन के शुरू होते ही आगे दौड़ रही बच्चियों को पीछे से धक्का लगा और वो गिर गईं। बाद में पीछे से दौड़ रही बच्चियां उन पर चढ़ गई, जिसके बाद कई बच्चियां दब गईं और घायल हो गईं।
कांग्रेस के इस मैराथन पर फिल्ममेकर अशोक पंडित सवाल उठाया है। उन्होंने इस भगदड़ का वीडियो शेयर करते हुए एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा है ‘ये वो भगदड़ है जो प्रियंका गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश के बरेली में ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के दौरान हुई थी। चुनाव के दौरान कांग्रेसी बच्चों को भी नहीं बख्शते। मैडम को इन छोटे बच्चों से माफी मांगनी चाहिए।’।
इस भगदड़ में कई बच्चियां घायल हो गई थीं। इनमे से तीन प्रतिभागियों को अस्पताल भी पहुंचाया गया था। वहीं मैराथन में मची इस भगदड़ पर कांग्रेस नेत्री व पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन कहा कि ‘अगर वैष्णो देवी में भगदड़ मच सकती है, तो ये तो सिर्फ बच्चियों की भीड़ थी। मैं इसके लिए माफी मांगती हूं। ये तो एक साजिश भी हो सकती है। कांग्रेस के बढ़ते जनाधार को लेकर भी ये साजिश हो सकती है’।
इससे इतर हाल ही में वरिष्ठ वकील और राजनीतिज्ञ महेश जेठमलानी ने एक ट्वीट किया था। जिसमें उन्होंने कहा था ‘आश्चर्य नहीं कि गलवान पर चीन के शौकिया प्रचार के लिए केवल राहुल और खुर्शीद ही हैं। पीएम के प्रति उनकी नफरत इतनी पैथोलॉजिकल है कि वे चीनी शैतान का समर्थन करेंगे और सेना के दावे के स्पष्ट खंडन की अनदेखी करते हुए उसके राष्ट्र विरोधी जालसाजी को तोते करेंगे।’। उनके इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए अशोक पंडित ने लिखा है ‘चोर चोर मौसेरे भाई होते हैं सर। वे गुप्त बैठकें करते रहते हैं’।