फवाद खान और माहिरा खान की फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ मौला जट’, जो भारत में 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली थी अब नहीं होगी। फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी गई है। दरअसल ये एक पाकिस्तानी फिल्म है और इसे भारत में रिलीज किया जाना था, मगर अब ऐसा नहीं होगा। एएनआई ने ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी है।
ANI द्वारा साझा जानकारी के मुताबिक, “पाकिस्तानी फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ मौला जट’ को भारत के सिनेमाघरों में इजाजत नहीं दी जा रही है। ऐसा पता चला है कि यह निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि 2019 से पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों को अनुमति नहीं दी गई है: सूत्र।”
तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि जी स्टूडियोज ने इस फिल्म के डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स भी खरीद लिए हैं, लेकिन न्यूज एजेंसी एएनआई ने बताया है कि इसे भारत में रिलीज ही नहीं होने दिया जा रहा है।
बता दें कि फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट’ साल 2022 में अक्टूबर के महीने में ही पाकिस्तान में रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों का पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला था। पाकिस्तान ही नहीं इस फिल्म को ग्लोबली भी काफी पसंद किया गया था। ये पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बेंच मार्क सेट करने वाली पहली फिल्म है, जिसका निर्देशन बिलाल लशारी ने किया है और माहिरा खान, फवाद खान इसमें लीड एक्टर्स हैं।
ये पहली सबसे अधिक कमाई करने वाली पाकिस्तानी फिल्म बनी और इसे पंजाबी भाषा में भी रिकॉर्ड बनाया। इसके भारत में रिलीज होने को लेकर मेकर्स ने सोशल मीडिया पर भी जोर शोर से ऐलान किया था। इसका पोस्टर शेयर करते हुए लिखा गया था, “दो साल बाद, द लेजेंड ऑफ़ मौला जट्ट अभी भी अजेय है! 2 अक्टूबर 2024 से भारत में बड़े पर्दे पर एपिक महासागा का गवाह बनें।”