पंजाबी सिंगर और रैपर हनी सिंह ने एक्टर-सिंगर अमनजोत सिंह पंवार उर्फ अल्फाज को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है। जिसमें वो जानलेवा हमले के बाद अस्पताल के बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं। अल्फाज पर एक ढाबे में जानलेवा हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि मोहाली के पास एक सड़क किनारे ढाबे के मालिक और संदिग्ध के बीच कहासुनी के बाद अल्फाज को एक पिकअप टेंपो ने टक्कर मार दी।
रिपोर्ट्स की मानें तो सिंगर मोहाली के पास स्थित पाल ढाबा से अपने दोस्तों के साथ डिनर करके निकल रहे थे। इसी बीच ढाबे के मालिक और विक्की नाम के शख्स के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हो गई। उसने अल्फाज से इस बात में बोलने के लिए कहा और फिर ढाबा मालिक का टेंपो लेकर भागने की कोशिश की। इसी बीच उसने अल्फाज को टक्कर मारी, जिसमें वो बुरी तरह घायल हो गए हैं।
आरोपी विक्की के खिलाफ सोहना पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया और मिली जानकारी के मुताबिक उसे हिरासत में ले लिया गया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने विक्की के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 337, 338 के तहत मामला दर्ज किया है।
हालिया जानकारी के मुताबिक अल्फाज ने अपने साथ हुई वारदात को महज घटना बताया है। उनका कहना है कि उनपर हमला नहीं हुआ है, बल्कि वो हादसे में घायल हुए हैं। पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार करने के बाद अस्पताल जाकर अल्फाज का बयान दर्ज किया, जिसमें ये सामने आया है। हनी सिंह ने भी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अल्फाज की सेहत की जानकारी दी। उन्होंने लिखा,मेरे भाई अल्फाज पर बीती रात हमला हुआ।”हालांकि कुछ देर बाद हनी सिंह ने ये पोस्ट डिलीट कर दिया।
आपको बता दें कि अल्फाज पंजाबी म्यूजित की दुनिया में बड़ा नाम हैं। इसी के साथ-साथ वो बेहतरीन एक्टर, राइटर और मॉडल भी हैं। उन्होंने साल 2011 में सिंगिंग में ‘हाय मेरा दिल’ गाने से डेब्यू किया था। इसके अलावा वो पहली बार फिल्म ‘जट्ट एयरवेज’में बतौर एक्टर नजर आए थे।