मशहूर निर्देशक तुलसी रामसे का निधन हो गया है। बीते गुरुवार (13 दिसंबर, 2018) की शाम तुलसी रामसे ने अंतिम सांस ली। तुलसी रामसे को 80 और 90 के दशक में बनने वाली डरावनी फिल्मों के लिए जाना जाता है। उनकी मशहूर फिल्मों में होटल, पुरानी हवेली, तहखाना, और बंद दरवाजा जैसी फिल्में शामिल हैं। तुलसी रामसे 77 साल के थे। बॉलीवुड में उन्होंने रामसे ब्रदर्स के नाम से एक के बाद एक कई हॉरर फिल्मों का निर्माण किया था। रामसे ब्रदर्स की बायोग्राफी Don’t Disturb The Dead- The Story Of the Ramsay Brothers के अनुसार, उनका परिवार 1947 में पार्टिशन के बाद मुंबई आ गया था।

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक तुलसी रामसे के भतीजे अमित रामसे ने बताया कि तुलसी रामसे ने सीने में दर्द की शिकायत की थी। जिसके बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्हें आनन-फानन में मुंबई स्थित कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया। गुरुवार को उन्हें वापस घर लाया गया लेकिन घर आने के बाद उनका देहांत हो गया। तुलसी रामसे के साथ कई सालों तक काम कर चुके गोविंद यादव ने कहा कि तुलसी रामसे का निधन गुरुवार को हो गया। उनकी तबियत पिछले कुछ दिनों से खराब थी। उनका अंतिम संस्कार आज यानी शुक्रवार (14 दिसंबर, 2018) को किया जाएगा। बता दें कि उनका घर मुंबई के गोरेगांव में था।

1993 में तुलसी रामसे ने छोटे पर्दे का रुख किया और ज़ी हॉरर शो का निर्माण-निर्देशन किया, जो काफ़ी सफल रहा था। 1998 में टीवी सीरीज़ नागिन भी उन्होंने बनाई। बता दें कि तुलसी रामसे F.U. Ramsay के सात बेटों में से एक थे। अन्य भाइयों में कुमार रामसे, श्याम रामसे, केशु रामसे, अर्जुन रामसे, गंगू रामसे और किरण रामसे थे। सातों भाइयों ने मिलकर छोटी बजट की हॉरर फिल्मों से शुरुआत की थी। जल्दी ही फिल्म इंडस्ट्री में रामसे ब्रदर्स के नाम से वो मशहूर हो गए।