Ekta Kapoor: एकता कपूर की XXX सीरीज पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा, उल्टा गहराता जा रहा है। एक तरफ बिग बॉस फेम हिंदुस्तानी भाऊ ने मुंबई पुलिस में एकता कपूर के खिलाफ सेना का अपमान करने को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं बिहार में भी एकता कपूर के खिलाफ पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। इसके अलावा हिंदुस्तानी भाऊ ने एकता कपूर से माफी मांगने के साथ साथ पद्मश्री वापस करने की भी मांग की है।

एकता कपूर पर भाऊ ने आरोप लगाया है कि XXX में एकता कपूर ने भारतीय सेना का अपमान किया है। ऐसे में हिंदुस्तानी भाऊ ने डिमांड की है कि एकता कपूर इस पर माफी मांगे, साथ में पद्म श्री पुरस्कार को भी वापस कर दें। इधर, बिहार के मुजफ्फरपुर में भी एकता कपूर और फिल्म निर्माता शोभा कपूर के खिलाफ कंप्लेंट दर्ज कराई गई है। मुजफ्फरपुर में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनिल कुमार ने एकता कपूर के खिलाफ बुधवार को शिकायत दर्ज कराई है।

कंप्लेंट सीजेएम कोर्ट में दर्ज कराई गई है। जिसमें आरोप लगाते हुए कहा गया है कि एकता कपूर ने अपनी वेब सीरीज XXX में सेना के जवानों का तिरस्कार किया है। जवानों की वर्दी का भी अपमान किया है। अब ऐसे में 19 जून को मामले की सुनवाई होनी है।


बताते चलें, हिंदुस्तानी भाऊ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने XXX वेब सीरीज को लेकर एकता कपूर को काफी कुछ कहा। हिंदुस्तानी भाऊ ने एकता पर बरसते हुए कहा कि – जब से उन्होंने एकता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, बड़े बड़े लोग उन्हें फोन कर रहे हैं औऱ कह रहे हैं कि जाने दो, बात को खत्म करो और शांत हो जाओ। एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर दोनों भारतीय सेना से माफी मांगो।’