Ek Ladki Ko Dekha Toh Aisa Laga Movie Review: अनिल कपूर और सोनम कपूर की फिल्म ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ 1 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म में अनिल और सोनम कपूर के अलावा राजकुमार राव और जूही चावला भी लीड भूमिका में हैं। शेली चोपड़ा धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ की कहानी एक अलग तरह की लव स्टोरी है। फिल्म को प्रोड्यूस विधु विनोद चोपड़ा ने किया है।

फिल्म में राजकुमार राव ने शाहिल मिर्जा नाम के एक राइटर/डायरेक्टर का रोल अदा किया है। वहीं सोनम कपूर ने स्वीटी नाम की एक ऐसी लड़की का रोल निभाया है जो बचपन से ही शादी के सपने संजोती है। फिल्म में अनिल कपूर ने सोनम कपूर के पिता का किरदार निभाया है। फिल्म में दिखाया जाता है कि एक दिन अनिल कपूर का बेटा कहता है कि हमें जल्दी से स्वीटी की शादी करा देनी चाहिए। जिसके बाद स्वीटी का परिवार उसके लिए लड़का खोजने में जुट जाता है। किसी को भी स्वीटी की भावनाओं के बारे में चिंता नहीं होती है।

वहीं एक दिन शाहिल मिर्जा की मुलाकात स्वीटी से होती है और उसे उससे प्यार हो जाता है। स्वीटी के घरवालों को जब शाहिल के बारे में पता चलता है तो अनिल कपूर भी अपने बेटी की शादी शाहिल से कराने के लिए तैयार हो जाते हैं। वहीं अनिल कपूर जूही चावला से भी फ्लर्ट करते हुए नजर आते हैं। अचानक स्वीटी की जिंदगी में एक भूचाल आ जाता है और वह फैसला करती है कि उसे एक सच पूरी दुनिया से हमेशा छिपाना पड़ेगा। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब स्वीटी के भाई को पता चल जाता है कि स्वीटी का चक्कर शाहिल से नहीं है। यह बात स्वीटी का भाई पूरे परिवार को बताता है तो अनिल कपूर हैरान रह जाते हैं। स्वीटी केवल अपना सच शाहिल यानि राजकुमार राव के साथ शेयर करती है।

यदि आपको भी जानना है कि आखिर कौन-सा सच स्वीटी अपने परिवार से छिपाती है या फिर क्या होता है शाहिल और स्वीटी के रिश्ते का? तो आपको फिल्म देखने के लिए सिनेमाघरों का रुख करना पड़ेगा। फिल्म को जनसत्ता.कॉम की ओर से पांच में 2.5 स्टार्स दिए गए हैं।