Ek Ladki Ko Dekha Toh Aisa Laga Box Office Collection Day 6: सोनम और अनिल कपूर की फिल्म ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ 1 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ऐसे में फिल्म का जल्द ही बॉक्स ऑफिस पर एक सप्ताह भी पूरा होने वाला है। रिलीज के पहले दिन से ही अनिल कपूर की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं दिखा सकी। वीकेंड में थोड़ी रफ्तार दिखाने के बाद फिर से वीक डेज में फिल्म की कमाई सुस्त पड़ती नजर आ रही है। बुधवार को फिल्म ने केवल 1 करोड़ रुपए की कमाई की है। जबकि फिल्म सोमवार को 1 करोड़ 90 लाख रुपए ही कमा सकी और मंगलवार को फिल्म ने 1 करोड़ 71 लाख रुपए की कमाई की। वहीं वीकेंड यानि शनिवार को फिल्म ने 4 करोड़ 65 लाख रुपए का बिजनेस किया था। रविवार को फिल्म ने 5 करोड़ 58 लाख रुपए का कारोबार किया था। ओपनिंग डे पर फिल्म महज 3 करोड़ 30 लाख रुपए ही जुटा सकी थी। इस हिसाब से फिल्म का छठें दिन तक का कुल कलेक्शन 18 करोड़ 14 लाख रुपए हो गया है।

‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ फिल्म विदेश में भी धीमी रफ्तार से ही कमाई कर पा रही है। फिल्म ने विदेशी बॉक्स ऑफिस पर सोमवार तक कुल 8 करोड़ 59 लाख रुपए की कमाई की है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श का कहना है कि फिल्म की धीमी रफ्तार से कमाई अभी जारी रह सकती है। वहीं न्यूज एजेंसी आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में अनिल कपूर ने कहा था, ”सुंदर स्क्रिप्ट के अलावा एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा में काम करने का मुख्य कारण सोनम कपूर हैं। हम एक साथ आने के लिए एक अच्छी फिल्म के इंतजार में थे। यही कारण है कि हमने कभी स्क्रीन शेयर नहीं की और मैं उसके समर्पण से काफी प्रभावित हुआ हूं।”

शैली धर चोपड़ा के निर्देशन में बनी ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ फिल्म में सोनम और अनिल कपूर के अलावा राजकुमार राव और जूही चावला भी लीड भूमिका में हैं। फिल्म का बजट करीब 30-35 करोड़ रुपए के बीच बताया जाता है। फिल्म के निर्माता विधु विनोद चोपड़ा हैं।