Ek Ladki Ko Dekha Toh Aisa Laga Box Office Collection Prediction: शेली चोपड़ा धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ 1 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर अनिल और सोनम कपूर ने पिता-बेटी का रोल पहली बार अदा किया है। फिल्म में जूही चावला ने भी अहम रोल निभाया है। जूही चावला और अनिल कपूर को एक साथ पहले ‘लोफर’, ‘बेनाम बादशाह’ और ‘सलाम-ए-इश्क’ समेत कई फिल्मों में देखा जा चुका है। विधु विनोद चोपड़ा द्वारा प्रोड्यूस फिल्म ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म कमाई की सधी शुरुआत कर सकती है।
ट्रेड एनालिस्ट गिरिश जौहर ने कहा, ”एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा एक ट्विस्ट से भरपूर एक रोमांटिक ड्रामा है। लेकिन अभी देखना होगा कि क्या दर्शक फिल्म के इस ट्विस्ट को स्वीकार करते हैं या नहीं। सीमित शोज में रिलीज होने के बावजूद माना जा रहा है कि फिल्म ओपनिंग डे पर 2.5 से 3 करोड़ रुपए की कमाई कर सकती है।”
गिरिश ने आगे कहा, ”एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ में अनिल कपूर, जूही चावला, सोनम कपूर और राजकुमार राव लीड भूमिका में हैं। जिन्हें दर्शक भी देखना चाहते हैं। यदि मैं विधु विनोद चोपड़ा की बात करुं तो मैं उनसे अच्छे कंटेंट की उम्मीद करता हूं। अभी देखकर लगता है कि कमाई शानदार हो सकती है लेकिन अभी भी पहले वीक की परफॉर्मेंस को देखना बाकि है। ज्यादातर चीजें माउथ पब्लिसिटी पर भी निर्भर करती हैं।”
बता दें कि इस वीक सिनेमाघरों में केवल ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ ही रिलीज हुई है। हालांकि सोलो रिलीज को बीते सप्ताह रिलीज हुईं फिल्में ‘मणिकर्णिका’ और विक्की कौशल की फिल्म ‘उरी’ से तगड़ी टक्कर मिल सकती है। जौहर ने आगे कहा, ”अनिल कपूर स्टारर फिल्म दर्शकों की पहली पसंद हो सकती है। ‘उरी’ भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है और लोग इसे देखने के लिए सिनेमाघर पहुंच रहे हैं। लेकिन अब सबकुछ ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ पर निर्भर करता है कि फिल्म कैसी शुरुआत करती है।”