Ek Ladki Ko Dekha Toh Aisa Laga Box Office Collection Day 1: अनिल कपूर और सोनम कपूर की फिल्म ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ 1 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म में अनिल कपूर और सोनम के अलावा जूही चावला भी लीड भूमिका में हैं। नए साल के दूसरे महीने में रिलीज हुई इमोशनल फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत करने की उम्मीद जताई जा रही है। ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ को लेकर ट्रेड एनालिस्ट का मानना है कि अनिल कपूर की फिल्म के लिए पहला वीक काफी महत्वपूर्ण है।

अनिल कपूर स्टारर ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ ने पहले दिन 3.30 करोड़ रुपए कमाए हैं। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने फिल्म के पहले दिन की कमाई का आंकड़ा ट्विटर पर शेयर किया है। बता दें, ट्रेड एनेलिस्ट गिरिश जौहर ने ऐसा अंदाजा लगाया था कि एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा पहले दिन 2-3 करोड़ रुपए के बीच कमाई कर सकती है। गिरिश ने इंडियन एक्सप्रेस.कॉम से बातचीत में कहा था, ”एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा ट्विस्ट एंड टर्न्स से भरपूर एक रोमांटिक लव स्टोरी है। लेकिन क्या दर्शक फिल्म को स्वीकार करेंगे यह भी देखना होगा। मुझे लगता है कि फिल्म पहले दिन 2.5 से 3 करोड़ रुपए के बीच में कमाई कर सकती है।”

गिरिश ने फिल्म के कंटेंट के बारे में बात करते हुए, ”एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा में अनिल कपूर, जूही चावला, सोनम और राजकुमार राव जैसे सितारे हैं। दर्शक इन्हें देखना चाहते हैं। विधु विनोद चोपड़ा से मैं उम्मीद करता हूं कि कंटेंट अच्छा होगा।” माना जा रहा है कि ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ को बीते सप्ताह रिलीज हुई फिल्म मणिकर्णिका और उरी से जबरदस्त टक्कर मिल सकती है। अनिल कपूर की फिल्म का बजट करीब 30-35 करोड़ के बीच बताया जाता है।