बॉलीवुड एक्ट्रेस और अंडरवर्ल्ड के बीच कनेक्शन की खबरें एक ज़माने में काफी आम थी। ये वो वक्त था जब अंडरवर्ल्ड का हिंदी फिल्म जगत में काफी दखल था। मुंबई के डॉन हाजी मस्तान को भी फिल्म जगत में काफी दिलचस्पी थी और उसने कई फिल्मों में अपने पैसे लगाए। 60 और 80 के दशक के बीच मुंबई में हाजी मस्तान का दबदबा था। उसी दौरान हाजी मस्तान ने खूबसूरत एक्ट्रेस मधुबाला को देखा और उन्हें दिल दे बैठा।

हाजी मस्तान मधुबाला को बहुत पसंद करता था और उनसे शादी भी करना चाहता था लेकिन ऐसा हो न सका। मधुबाला ने फरवरी 1969 में दम तोड़ दिया और उधर हाजी मस्तान के सपने भी बिखर गए। लेकिन तभी फिल्म जगत में पदार्पण हुआ अभिनेत्री सोना का जिनका असली नाम था शाहजहां बेगम।

शाहजहां बेगम की शक्ल हुबहू मधुबाला से मिलती थी। उनके चलने-फिरने का ढंग भी कुछ-कुछ मधुबाला जैसा ही था। इस कारण उन्हें इंडस्ट्री ने हाथों हाथ लेना शुरू किया। जब ये बात हाजी मस्तान को पता चली तब वो बहुत खुश हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाजी मस्तान ने पहली बार सोना को अपनी ही प्रोडक्शन की एक फिल्म के दौरान देखा और वो उन पर फिदा हो गया।

हाजी मस्तान बिना देर किए शादी का रिश्ता लेकर सोना के घर उनके मां से मिलने चला गया। सोना की मां को रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं थी और सोना ने भी शादी के लिए हां कर दिया था।

सोना ने हिंदी फिल्म जगत में मधुबाला से समानता और अपनी खूबसूरती के कारण जगह तो पा ली लेकिन वो ज्यादा समय तक टिक नहीं पाईं। उन्होंने बीवी किराए की, आदमखोर जैसी फिल्मों में काम किया। हाजी मस्तान से शादी के बाद सोना ने फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया और घर संभालने लगीं।

कहा जाता है कि साल 1994 में हाजी मस्तान के निधन के बाद सोना को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हाजी मस्तान के घरवालों ने दबाव डालकर सारी संपत्ति हड़प ली जिसके बाद सोना को तंगहाली में जिंदगी गुजारनी पड़ी। साल 2014 में सोना का देहांत हो गया था।