टेलिवीजन के लोकप्रिय शो सीआईडी ​​(CID) में फ्रेडरिक्स की भूमिका निभाने वाले एक्टर दिनेश फडनीस का मंगलवार को 57 वर्ष की आयु में निधन हो गया। शो में दया की भूमिका निभाने वाले उनके ​​को-एक्टर दयानंद शेट्टी ने उनकी मृत्यु की खबर की पुष्टि की है।

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए दयानंद शेट्टी ने बताया कि दिनेश ने देर रात 12 बजकर 8 मिनट पर आखिरी सांस ली। वह मुंबई के Tunga अस्पताल में भर्ती थे। दयानंद ने बताया कि दिनेश की मौत मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण हुई। वह बीते कुछ दिनों से वेंटिलेटर पर थे और कई दिक्कतें होने के कारण उन्हें कल ही वेंटिलेटर से हटाया गया था।

इससे पहले शनिवार को खबर आई थी कि दिनेश को दिल का दौरा पड़ा है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। लेकिन बाद में दयानंद शेट्टी ने पुष्टि की थी कि उन्हें हार्ट अटैक नहीं आया था, बल्कि उनका लिवर डैमेज हो गया था।

दिनेश लंबे समय तक ‘सीआईडी’ में फ्रेडरिक्स की भूमिका निभाई थी। दिनेश ने साल 1998 से 2018 सीआईडी में काम किया था। हर घर में देखे जाने वाले इस शो से दिनेश बड़ा नाम बन गए थे। वह न केवल CID, बल्कि लोकप्रिय सिटकॉम ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी नजर आ चुके थे। उन्होंने इस शो में कैमियो किया था। उन्होंने ऋतिक रोशन की फिल्म ‘सुपर 30’ और ‘सरफरोश’ जैसी फिल्मों में भी सपोर्टिंग रोल निभाये थे।