दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार का पाकिस्तान वाला पुश्तैनी घर, जिसे राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया गया था वह ढहने की कगार पर है। आधिकारिक बयान में बताया गया है कि हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के कारण इस बंगले की हालत बद से बदतर होती जा रही है। इस घर की हालत बहुत खराब है और ये कभी भी ढह सकता है।

 ये घर पेशावर शहर के ऐतिहासिक किस्सा ख्वानी बाजार के पीछे मोहल्ला खुदादाद में स्थित है। हेरिटेज काउंसिल के सचिव शकील वहीद उल्ला खान ने इसके बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पेशावर में हाल की हुई बारिश ने कुमार के घर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है।

1880 में बनी इस संपत्ति के बारे में उन्होंने कहा, पिछली केपीके सरकार ने इतने सारे अनुदान देने का वादा करने के बावजूद, इस राष्ट्रीय विरासत की सुरक्षा और संरक्षण के लिए एक पैसा भी खर्च नहीं किया गया है। संपत्ति काफी पुरानी हो चुकी है और इसका ख्याल रखने की जिम्मेदारी सरकार की है।

बता दें कि दिलीप कुमार का जन्म इसी घर में सन् 1922 में हुआ था। कुमार ने अपने जीवन के शुरुआती 12 साल इस घर में बिताए और फिर 1932 में वह भारत आ गए थे। 13 जुलाई 2014 को तत्कालीन पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने इस घर को पाकिस्तान का राष्ट्रीय विरासत स्मारक घोषित कर दिया था।

पाकिस्तान के लोग चाहते थे कि दिलीप कुमार के इस घर को म्यूजियम बना दिया जाए। इस घर से दिलीप कुमार को बहुत लगाव था। साल 1988 में वह अपने घर को देखने पाकिस्तान गए थे। बताया जाता है कि वह उस घर की मिट्टी को चूम कर आए थे। साल 1997 में दिलीप कुमार को पाकिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान निशान ए इम्तियाज से नवाजा गया था।

बता दें कि केवल दिलीप कुमार ही एक ऐसे हिंदी सिनेमा के अभिनेता नहीं हैं, जिनका पाकिस्तान के पेशावर से नाता है। कपूर खानदान समेत इन लोगों का भी यहां से गहरा रिश्ता है। पृथ्वीराज कपूर, विनोद खन्ना और शाहरुख खान का इस शहर से ताल्लुक है।