आपने बॉलीवुड का वो गाना तो सुना होगा ‘अभी तो मैं जवान हूं…’। इस गाने में अनुपम खेर ने खुद को जवान बताया था और शानदार अभिनय से दिल जीता था। ऐसे में अब ये गाना हमें इसलिए याद आया है क्योंकि इसकी वजह धर्मेंद्र हैं। जी हां, उनका लेटेस्ट वीडियो देखकर तो आपको भी यही लगेगा और अनुपम खेर का ये गाना याद आ जाएगा। दरअसल, 87 साल के एक्टर ने अपनी फिटनेस का राज खोला है और इसका लेटेस्ट वीडियो भी शेयर किया है। इसे देखकर आप यकीन नहीं कर पाएंगे कि वो फिट रहने के लिए इस उम्र में भी ऐसा कुछ करते होंगे।
आप सोचते होंगे कि धर्मेंद्र इतने उम्रदराज होने के बावजूद भी खुद को इतना कैसे फिट रखते हैं। आखिर क्या है उनकी फिटनेस का राज। उस राज को बॉलीवुड के हीमैन ने खोल दिया है। उन्होंने अपनी फिटनेस का लेटेस्ट वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसमें देखने के लिए मिल रहा है कि 87 साल के एक्टर स्विमिंग पूल में तैर रहे हैं। उन्होंने सामने हैंडरेल पकड़ रखा है। वो लगातार रुक-रुककर स्वीमिंग कर रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करने के साथ ही धर्मेंद्र ने लिखा, ‘दोस्तों, स्वास्थ्य ही धन है… मैं रोज करता हूं। आप करते हैं? अपना ध्यान रखें… लव यू’।
फैंस और सनी-बॉबी ने भी किया कमेंट
अगर धर्मेंद्र के वीडियो पर लोगों के रिएक्शन की बात की जाए तो इस पर उनके दोनों बेटों सनी देओल और बॉबी देओल ने भी कमेंट किया है। उन्होंने इस पर हार्ट वाली इमोजी शेयर की है। वहीं, नेटिजन्स भी उनके वीडियो पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं और शॉकिंग रिएक्शन दे रहे हैं। एक ने लिखा, ‘रियल हीमैन’। दूसरे ने लिखा, ‘आप यंग जनरेशन की प्रेरणा हो’। तीसरे ने लिखा, ‘आप यूथ के लिए मोटिवेशन हैं’। इसी तरह से लोग उनकी पोस्ट पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं।
स्विमिंग के अलावा ये काम भी करते हैं धर्मेंद्र
धर्मेंद्र इस उम्र में भी किसी रॉकस्टार से कम नहीं हैं। वो खुद को फिट रखने के लिए हर दिन एक्सरसाइज, योगा और प्राणायाम करते हैं। साथ ही अपनी डाइट का भी काफी ध्यान रखते हैं। वैसे तो धर्मेंद्र कहते हैं कि उनकी सेहत का राज उनके फैंस का प्यार ही है। आपको बता दें कि धर्मेंद्र अपने फार्महाउस पर सब्जियों की खेती भी करते हैं। वो वहां से अक्सर वीडियो और फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं।