गोपी बहू के किरदार से अपनी पहचान बनाने वाली देवोलीना भट्टाचार्जी बिगबॉस के घर से बाहर हो चुकी हैं। शो अपने आखिरी पड़ाव पर हैं और पिछले हफ्ते बिगबॉस ने मिडवीक एविक्शन किया। जिसमें देवोलीना और अभिजीत बिचुकले घर से बाहर हो गए। देवोलीना बिगबॉस के पिछले तीन सीजन से लगातार शो का हिस्सा बन रही हैं। सीजन 13 में वह अपनी सेहत को लेकर घर से बाहर हुई थीं। इस बार भी टास्क के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई, लेकिन वह घर में बनी रहीं।
जनता के कम वोट मिलने के कारण उन्हें आखिरकार घर से बाहर आना पड़ा। बाहर आने के बाद देवोलीना ने अपने फैंस से बात की और अपनी सेहत से जुड़े बड़े खुलासे किए। जिससे उनके फैंस चिंता में पड़ गए हैं।
टास्क के दौरान लगी गंभीर चोट: एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपने फैंस को बताया कि शो में उन्हें गंभीर चोट आई है। पोल वाले टास्क को करना उनकी सेहत पर भारी पड़ गया। उस टास्क के दौरान वह 19 घंटे तक खड़ी रही थीं।
हालांकि उन्होंने आखिर तक वह टास्ट किया, लेकिन अगले दिन अन्य कंटेस्टेंट द्वारा पानी फेंकने पर उनका पैर फिसला और वह टास्क हार गईं। इस टास्क में उनकी एक नस बुरी तरह प्रभावित हुई है। जिसकी अब उन्हें सर्जरी करवानी पड़ रही है।
ये बात बताते हुए देवोलीना भावुक हो गईं। एक्ट्रेस ने बताया कि गुरुवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती होना है, जिसके बाद शुक्रवार को उनकी नर्व डीकंप्रेशन सर्जरी होगी। खुद को स्ट्रॉन्ग बताते हुए देवोलीना ने फैंस की दुआएं मांगी। जिसपर उनके फैंस उन्हें दिल खोल कर दुआएं भेज रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें हिम्मत रखने के लिए कह रहे हैं। देवोलीना को हर टास्क में डटकर खेलती रही हैं। बावजूद इसके वह घर से बाहर हैं। उनका कहना है कि अभी वक्त खराब चल रहा है, लेकिन कुछ अच्छा जरूर होगा।
आपको बता दें कि देवोलीना भट्टाचार्जी शो के मजबूत कंटेस्टेंट्स में से एक मानी जा रही हैं। वह अपनी बात को खुलकर रखती हैं, जिसके कारण शो में उनके कई कंटेस्टेंट्स के साथ मतभेद भी हुए। अभिजीत बिचुकले, शमिता शेट्टी के साथ उनके बड़े झगड़े हुए। यहां तक की देवोलीना की अपनी दोस्त रश्मि देसाई के साथ भी इस सीजन में अनबन रही।