दिवंगत एक्टर देव आनंद ने जिस खूबसूरत बंगले में अपना जीवन बिताया था, वह अब बिकने वाला है। जी हां! देव आनंद का 73 साल पुराना जुहू स्थित बंगला बिकने वाला है। देव आनंद ने अपनी पत्नी कल्पना कार्तिक और बच्चों सुनील आनंद व देविना आनद के साथ 40 साल इस घर में गुजारे थे। लेकिन सूत्रों की मानें तो अब अभिनेता का वो आशियाना बिक रहा है।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक्टर का बंगला एक रियल स्टेट कंपनी को बेचा जा रहा है। इसकी डील पक्की हो चुकी है और पेपर वर्क भी लगभग हो चुका है। बताया जा रहा है कि 350 से 400 करोड़ के बीच इस बंगले की डील पक्की हुई है।

सूत्रों की मानें तो ये रियल स्टेट कंपनी देव आनंद के बंगले की जगह 22 मंजिला टावर बनाने वाली है। बॉलीवुड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित और डिंपल कपाड़िया भी इस बंगले के पास रह चुकी हैं। बताया जा रहा है कि जिस वक्त देव आनंद ने ये बंगला बनाया था, उस वक्त कम ही लोग जुहू के बारे में जानते थे। लेकिन अब ये इलाका मुंबई के सबसे मशहूर जगहों में से एक है।

अपने एक पुराने इंटरव्यू में देव आनंद ने इसे लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था,”मैंने अपना जुहू वाला घर 1950 में बनाया था। उस समय जुहू एक छोटा सा गांव था और वहां पूरा जंगल था। मुझे यह पसंद आया क्योंकि मैं अकेला हूं। जुहू में अब बहुत भीड़ हो गई है, खासकर रविवार को तो यह बहुत ज्यादा लोगों से भरा रहता है। यह अब पहले जैसा समुद्र तट नहीं रहा। मेरे आइरिस पार्क निवास में अब कोई पार्क नहीं है, मेरे घर के सामने एक स्कूल और चार बंगले हैं।”

इससे पहले बिका था राज कपूर का बंगला

बता दें कि इसी साल की शुरुआत में कपूर खानदान की पुश्तैनी हवेली बिकी थी। राज कपूर का चेंबूर स्थित बंगला फरवरी में बिका था। जिसे गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने खरीदा था। इस जगह पर भी रियल स्टेट बिजनेस किया जाने वाला है। इसके अलावा गोजरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने ही राज कपूर का आर.के स्टूडियो साल 2019 में खरीदा था।