नेहा सिंह राठौर अपने लोक गीत से ज्यादा अपने ट्वीट के लिए जानी जाती हैं। वो हर दिन सरकार से किसी ना किसी मुद्दे को लेकर सवाल करती हैं। नेहा हर मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं और अगर कमी दिखे तो मोदी सरकार को घेरने का मौका नहीं छोड़तीं। अब उन्होंने नेता के एक बयान को लेकर फिर भाजपा पार्टी पर निशाना साधा है।

दरअसल मध्य प्रदेश के सीधी जिले में सड़क की मांग को लेकर भाजपा सांसद राजेश मिश्रा ने प्रेग्नेंट महिला से उनकी डिलीवरी की डेट पूछ डाली है। उन्होंने कहा कि वो डिलीवरी से एक हफ्ता पहले उन्हें उठवाकर अस्पताल में भर्ती करवा देंगे।

भड़कीं नेहा सिंह राठौर

नेहा ने ट्विटर पर इस बयान का जिक्र करते हुए पूरी भाजपा पार्टी पर गंभीर आरोप लगा डाला। उन्होंने लिखा, “महिलाओं का अपमान, भाजपा की पहचान।” नेहा की इस पोस्ट पर लोग उन्हें राजेश मिश्रा के बयान को तोड़ मरोड़कर पेश करने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं एक महिला यूजर ने लिखा है, “महिलाएं मोदी जी के महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का फायदा उठाने लगी हैं, लेकिन महिलाओं को ये नहीं पता कि इसके लिए भाजपा उठवा भी सकती है।”

क्या है मामला?

दरअसल एक वीडियो सामने आया, जिसमें लीला साहू नाम की एक महिला ने सरकार से सवाल किया, “प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के बावजूद यहां सड़क नहीं बन पाई है। कोई जनप्रतिनिधि या अधिकारी इसे देखने तक नहीं आया। गांव में 6 महिलाएं गर्भवती हैं। मेरी भी डिलीवरी का समय आने वाला है। देखना है कि कितनी सुविधाएं मिलती हैं।”

नेता के बिगड़े बोल

जब लीला साहू के इस सवाल के बारे में राजेश मिश्रा को बताया गया तो उन्होंने कहा, “गांव में बहुत सी महिलाएं होंगी जिनकी डिलीवरी हुई होगी, आजतक कोई ऐसी घटना हुई क्या। आज मध्य प्रदेश में मोहन यादव की सरकार है और जरूरत पड़े तो मरीज को एयरलिफ्ट करके ले जाते हैं और उसका इलाज करवाते हैं। हमारे पास एंबुलेंस हैं, हमारे पास आशा कार्यकर्ता हैं, सारी सुविधाएं हैं। हम उनके लिए व्यवस्था करेंगे, इसमें चिंता की क्या बात है।अगर ऐसी कोई बात है तो आप (लीला साहू) अस्पताल में भर्ती हो जाओ। डिलीवरी की एक संभावित तारीख होती है हम उससे एक हफ्ते पहले उठवा लेंगे। उनकी इच्छा है तो अस्पताल में भर्ती हो जाएं हम सारी सुविधाएं देंगे।”

सांसद महोदय से जब इस पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि चिंता की क्या बात है। हमारे पास एंबुलेंस है, अस्पताल है, हर इलाके में आशा कार्यकर्ता हैं। अगर कोई ऐसी बात है, तो आकर अस्पताल में भर्ती हो जाओ। डिलीवरी की एक डेट होती है, उससे पहले उठवा लेंगे। राजेश मिश्रा ने कहा कि सड़क हम नहीं बनाते, इंजीनियर बनाता है।