दीपिका पादुकोण की पहली हॉलीवुड फिल्म xXx: रिटर्न ऑफ जेंडर केज ने दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दीपिका की यह फिल्म भारत में दर्शकों को इंप्रेस करने में भले ही नाकाम रही, लेकिन इस फिल्म ने अबतक 308 मिलियन डॉलर की कलेक्शन कर ली है। अगर रुपयों में देखें तो फिल्म का कलेक्शन करीब 20,62.52 करोड़ रुपए हो चुका है। इस फिल्म ने जैकी चैन की कुंग फू योगा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कुंग फू योगा ने 1,632 करोड़ रुपए कमाए थे।
दीपिका की फिल्म ने चीनी बॉक्स ऑफिस पर दस दिनों में 137 मिलियन डॉलर की कलेक्शन की थी। अब तक दीपिका पादुकोण की सबसे बड़ी हिट फिल्म बाजीराव मस्तानी थी। इस फिल्म ने 360 करोड़ की कलेक्शन की थी। अब यह हॉलीवुड फिल्म उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इस फिल्म में उनके साथ विन डीजल, चीनी कुंग फू स्टार डॉनी येन ने भी काम किया है। दीपिका की फिल्म विदेशों में अच्छी टक्कर दे रही है। जैकी चैन की कुंग फू योगा से कॉम्पिटीशन होने के बावजूद इस फिल्म ने पकड़ बनाई हुई है।
भारत में इन दोनों फिल्मों की परफॉर्मेंस एवरेज रही थी। xXx ने पहले हफ्ते में 54 करोड़ की कलेक्शन की थी। वहीं जैकी चैन, सोनू सूद, दिशा पटानी और अमायरा दस्तूर स्टारर कुंग फू योगा ज्यादा दर्शकों को लुभाने में कामयाब नहीं रही। जैकी चैन और दीपिका पादुकोण दोनों ने ही अपनी फिल्मों को भारत में प्रमोट करने में पूरी मेहनत की थी। एक तरफ दीपिका जहां विन डीजल के साथ भारत पहुंची थीं। वहीं जैकी चैन भी प्रमोशन के लिए यहां आए थे। इतना ही नहीं वह कपिल शर्मा के शो पर भी पहुंचे थे और अपने सलमान खान से मुलाकात भी की थी।
फिलहाल दीपिका पादुकोण संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती में बिजी हैं। इस फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और रनवीर सिंह अहम भूमिका में हैं।