Happy Birthday Deepika Padukone: बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण 5 जनवरी को 37 साल की हो गई हैं। उम्र के साथ-साथ दीपिका की खूबसूरती और भी बढ़ती जा रही है। इन दिनों दीपिका पादुकोण का फिल्म ‘पठान’ (Pathaan) के गानों में ग्लैमरस अवतार देखने को मिल रहा है। हालांकि इसके लिए उन्हें काफी परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। जी हां! हम बात कर रहे हैं ‘पठान’ फिल्म के ‘बेशर्म रंग'(Besharam Rang controversy) गाने की। जिसमें दीपिका ने भगवा रंग की बिकिनी पहनी है। दुनियाभर के विवाद के बाद अब इसमें बदलाव करने की बात सामने आ रही है।

ये पहली बार नहीं हुआ है कि दीपिका की ड्रेस को लेकर विवाद हुआ हो। इससे पहले भी फिल्म के गाने में उनके कपड़ों को लेकर कॉन्ट्रोवर्सी हो चुकी है। इतना ही नहीं दीपिका पादुकोण की तमाम फिल्म कॉन्ट्रोवर्सी से घिरी रही हैं। आज हम ऐसी फिल्में और उनके कपड़ों पर हुए विवाद के बारे में बताने जा रहे हैं।

ग्राफिक्स से छिपानी पड़ी थी कमर
फिल्म ‘पठान’ के अलावा दीपिका पादुकोण ‘राम लीला’ , ‘पद्मावत’, ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘छपाक’ को लेकर विवादों में रह चुकी है। संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ (Padmaavat controversy) को लेकर करणी सेना ने खूब विरोध किया था। करणी सेना ने फिल्म मेकर्स पर इतिहास के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। दीपिका ने फिल्म में घाघरा पहना था, जिसमें उनकी कमर दिख रही थी। जबकि करणी सेना ने कहा था कि महारानी पद्मावती साड़ी पहनती थी। फिल्म के मश्हूर गाने ‘झूमर’ में दीपिका की कमर को ग्राफिक्स की मदद से छिपाया गया था। फिल्म का पहले पद्मावती था, जिसे बदलकर पद्मावत करना पड़ा था। इसके अलावा फिल्म पर सती प्रथा को बढ़ावा देने का आरोप भी लगा था।

इतिहास से छेड़छाड़ के आरोप में फिल्म को बैन करने की उठी थी मांग
संजय लीला भंसाली और दीपिका पादुकोण ने एक से अधिक फिल्में साथ में की हैं। सभी इतिहास से जुड़ी है। ‘बाजीराव मस्तानी’ (Bajirao Mastani) फिल्म भी उन्हीं में से एक है। इसे लेकर भी खूब विवाद हुआ था। फिल्म निर्माता पर आरोप था कि इतिहास को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। इतना ही नहीं फिल्म को बैन करने की मांग भी की गई थी।

JNU कॉन्ट्रोवर्सी
फिल्म ‘छपाक’ उस वक्त आई थी, जब CAA को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। उस वक्त दीपिका पादुकोण जेएनयू पहुंची थीं। जहां उन्होंने छात्रों के साथ हो रहे अत्याचार पर बात की थी। उस वक्त दीपिका के जेएनयू जाने पर बवाल मच गया था। जेएनयू जाना उनका प्रमोशनल स्टंट बताया जा रहा था। लोगों का कहना था फिल्म ‘छपाक’ के प्रमोशन के लिए एक्ट्रेस ने ऐसा किया। जिसके बाद ट्विटर पर #Boycottchhapaak ट्रेंड चलाया गया।

इतनी कॉन्ट्रोवर्सी में घिरे रहने के बाद भी दीपिका पादुकोण की फैन फॉलोइंग कम नहीं हुई है। बता दें कि पठान के अलावा दीपिका फिल्म ‘फाइटर’ में नजर आने वाली हैं। जिसका पोस्टर (Fighter poster release) रिलीज हो चुका है। फिल्म में उनके साथ ऋतिक रोशन (Hritik Roshan)हैं, अनिल कपूर (Anil Kapoor) भी अहम भूमिका में हैं।