दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने शादी के बंधन में बंधने के बाद शुक्रवार को भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंचे। न्यूलीवेड कपल ने मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन किए। दोनों स्टार्स ने इस दौरान मिसमैच आउटफिट पहने हुए थे और दोनों काफी खुश नज़र आ रहे थे। रणवीर ने जहां कुर्ता-पायजामा पहना हुआ था वहीं दीपिका ने लॉन्ग कुर्ता और दुपट्टा पहना हुआ था। दोनों ने अपने लुक को कंपलीट करने के लिए मोजड़ी पहनी हुई थीं। इस दौरान दीपिका की कलाईयों में लाल चूड़ा भी नज़र आया जो अक्सर नई-नवेली दुल्हनें शादी के बाद पहनती हैं। रणवीर और दीपिका ने हाथ हिलाकर फैन्स और मीडिया का अभिवादन किया और फोटो के लिए पोज़ भी किया। बाजीराव-मस्तानी फेम स्टार्स की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
मंदिर पहुंचने के बाद दीपिका और रणवीर के लिए कड़ी सुरक्षा लगाई गयी थी। सिद्धिविनायक मंदिर से दर्शन करके बाहर आने के बाद दीपिका और रणवीर ने केसरिया रंग का एक और दुपट्टा गले में पहना हुआ था और माथे पर केसरिया रंग का तिलक भी लगाया हुआ था। आइए नज़र डालते हैं तस्वीरों पर।
दीपिका और रणवीर के परिवार के लोग भी उनके साथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान दीपिका के पिता प्रकाश पादुकोण और उनकी बहन अनिशा पादुकोण और रणवीर सिंह के पिता जगजीत भवनानी, उनकी पत्नी अंजु भवनानी और बेटी रीतिका को भी मंदिर में प्रवेश करते हुए स्पॉट किया गया।
दीपिका-रणवीर अपनी शादी का तीसरा वेडिंग रिसेप्शन कल यानि 1 दिसंबर को होस्ट करने वाले हैं। इस पार्टी में बॉलीवुड के सभ बड़े सितारें मौजूद होंगे।
गौरतलब है कि रणवीर सिंह ने दो दिन पहले 28 नवंबर को अपना दूसरा वेडिंग रिसेप्शन होस्ट किया था। रिसेप्शन पार्टी ग्रैंड हयात होटल में रखी गई थी। इससे पहले दीपिका के परिवार ने बेंगलुरु में दीप-वीर की शादी का पहला रिसेप्शन दिया था जो कि ‘द लीला पैलेस’ में होस्ट किया गया था। बता दें कि दीपिका और रणवीर ने इटली में 14-15 नवंबर को डेस्टिनेशन वेडिंग के दौरान एक दूसरे के साथ शादी की कसमें खाईं।