फिल्ममेकर अनुराग कश्यप को हाल ही में सीने में दर्द की शिकायत के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था जहां उनका एंजियोप्लास्टी किया गया। एंजियोप्लास्टी के बाद अब अनुराग कश्यप का लुक पूरी तरह बदल गया है। फिल्ममेकर की बेटी आलिया कश्यप ने एक छोटा वीडियो शेयर किया है जिसमें उनका लुक एकदम अलग नजर आ रहा है। आलिया ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज में शेयर किया।
वीडियो में अनुराग गंजे नज़र आ रहे हैं और उनकी आइब्रोज भी काफी घनी दिख रही हैं। स्वास्थ्य कारणों के चलते अनुराग कश्यप का यह नया लुक काफी चर्चा में भी है।
अनुराग कश्यप को इसी महीने कुछ स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या हुई थी जिसके बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके स्पोक्सपर्सन ने इंडियन एक्सप्रेस से एक बातचीत में कहा था, ‘हां, उन्हें एंजियोप्लास्टी से गुजरना पड़ा है। अब उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।’
अनुराग कश्यप के एक करीबी सूत्र ने बताया था कि अनुराग कश्यप को पहले सीने में दर्द की शिकायत हुई थी जिसके बाद उन्होंने जांच करवाई। उन्हें कुछ सप्ताह आराम करने की सलाह दी गई है। अनुराग कश्यप को आखिरी बार अनिल कपूर के साथ फिल्म एके वर्सेज एके में देखा गया था। नेटफ्लिस पर यह फिल्म साल 2020 में रिलीज हुई थी।
अनुराग कश्यप ने तापसी पन्नू के साथ फिल्म दोबारा की शूटिंग इसी साल मार्च महीने में खत्म की थी। वो इस फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन पर काम कर रहे थे। तापसी के साथ अनुराग कश्यप की यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों ने साल 2018 की फिल्म मनमर्जियां में काम किया था।
अनुराग कश्यप को ब्लैक फ्राइडे, रमन राघव 2.0 जैसी बेहतरीन फिल्मों के लिए जाना जाता है। नेटफ्लिक्स के शो सीक्रेड गेम्स में भी उनके काम की काफी सराहना हुई है।