माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर की जोड़ी ने एक बार फिर से लाइमलाइट चुरा ली है। मगर, दोनों हेडलाइन्स में 27 साल बाद एक साथ दिखी हैं। फैंस उनकी केमिस्ट्री को देखने के लिए बेताब हैं। इसके पहले एक छोटी सी झलक दिखाई गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, करिश्मा कपूर और माधुरी दिक्षित की जोड़ी रियलिटी शो ‘डांस दीवाने’ के सेट पर दिखी है। दोनों अपनी हिट फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के टाइटल सॉन्ग को रिक्रिएट करते दिखी हैं। इनके बीच स्टेज पर डांस बैटल देखने के लिए मिला है। इसे देखने के बाद सुनील शेट्टी ने भी कमाल का रिएक्शन दिया है।
दरअसल, टीवी रियलिटी शो ‘डांस दीवाने’ के सेट पर इस हफ्ते करिश्मा कपूर बतौर गेस्ट पहुंचने वाली हैं। वहीं, माधुरी दीक्षित पहले से ही शो को जज कर रही हैं। ऐसे में 90 के दशक की दोनों हिट एक्ट्रेसेस को साथ में देखकर डांस ऑफ करने के लिए कहा जाता है। सुनील शेट्टी उनके लिए चीयर करते हुए नजर आते हैं। दोनों एक्ट्रेसेस ना केवल दर्शकों और ऑडियंस को बल्कि वहां बतौर जज बैठे सुनील शेट्टी को भी अपने डांस से कायल कर देती हैं। करिश्मा और माधुरी की केमिस्ट्री को देख सुनील कहते हैं, ‘तब भी दिल आप दोनों के लिए पागल थे और आज भी दिल पागल हैं।’ इतना ही नहीं एक्टर उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन भी देते हुए नजर आते हैं।
पिछले साल भी सामने आया था वीडियो
याद दिला दें कि माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर का एक वीडियो पिछले साल भी सामने आया था, जिसमें दोनों को ‘बलम पिचकारी’ गाने पर जबरदस्त डांस मूव्स दिखाते हुए देखा गया था। बहरहाल, अगर करिश्मा कपूर के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो आखिरी बार वेब सीरीज ‘मर्डर मुबारक’ में नजर आई थीं। जबकि माधुरी दीक्षित को मराठी फिल्म ‘पंचक’ में देखा गया था।
27 साल पहले इस फिल्म में साथ दिखी थीं करिश्मा और माधुरी
आपको बता दें कि करिश्मा कपूर और माधुरी दीक्षित की जोड़ी को 27 साल पहले बड़े पर्दे पर साथ में देखा गया था। दोनों फिल्म ‘दिल तो पागल है’ में नजर आई थीं। इसे 1997 में रिलीज किया गया था। इसमें दोनों अभिनेत्रियों के अपोजिट शाहरुख खान को लीड रोल में देखा गया था। इसमें उनकी केमिस्ट्री को लोगों ने काफी पसंद किया था।