कांग्रेस के कई नेता राहुल गांधी को भविष्य के प्रधानमंत्री के रूप में देखते हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने हाल ही में राहुल गांधी की तस्वीर शेयर कर उन्हें ‘भारतीय लोकतंत्र के भविष्य का राजा’ बताया था। अब कांग्रेस की नेता रागिनी नायक ने राहुल गांधी को देश का भविष्य बताया है जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स की राय बटी हुई है।

रागिनी नायक ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया, ‘भविष्य सुनहरा है क्योंकि #FutureMatlabRahul (फ्यूचर मतलब राहुल)।’ कांग्रेस नेता के इस ट्वीट पर अधिकतर यूजर उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। संगीता त्यागी नाम की एक यूजर ने लिखा, ‘रायबरेली का ख्याल रखना और भविष्य के लिए एक दूसरे वायनाड की तलाश कर लो। फ्यूचर मतलब कांग्रेस के लिए अंधेरा।’

प्रशांत भारती नाम के एक यूजर ने रागिनी नायक पर तंज कसते हुए लिखा, ‘कुछ लोग लालटेन में घी डालने का प्रयास कर रहे हैं, तो कुछ लोग फ्यूज बल्ब को जलाने का प्रयास कर रहे हैं। पर प्रयास करते रहना चाहिए। क्या पता फ्यूज बल्ब ट्यूबलाइट बनकर जलने लगे। वैसे फ्यूज बल्ब के चाहने वालों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।’

 

डीजे सिंह नाम से एक यूजर ने लिखा, ‘भविष्य सुनहरा है क्योंकि 2024 और 2029 में भी मोदीजी।’ सुदीप डे नाम के एक यूजर लिखते हैं, ‘पूर्णतः सहमत। राहुल गांधी को 2024 के चुनावों में कांग्रेस की कमान संभालनी चाहिए। इससे हमारी जिंदगी आसान होगी।’

 

आपको बता दें कि इससे पहले कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने अपने ट्विटर पर राजीव गांधी और राहुल गांधी की कोलाज तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था कि भारतीय लोकतंत्र के पूर्व और भविष्य के राजा। उनके इस ट्वीट पर गीतकार जावेद अख्तर बुरी तरह भड़क गए थे और उन्होंने कहा था कि जो राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का ख्वाब देखता है वो नरेंद्र मोदी को हमेशा के लिए भारत का प्रधानमंत्री बनाए रखने की कोशिश कर रहा है।

 

उन्होंने ट्वीट किया था, ‘मिस्टर सलमान खुर्शीद, आपका विरोधाभास, ‘लोकतंत्र का राजा’ बेहद ही निराशाजनक है। राहुल गांधी एक श्रेष्ठ विपक्षी नेता के तौर पर स्वीकार्य हैं लेकिन जो कोई भी उनके प्रधानमंत्री बनने का ख्वाब देखता है वो नरेंद्र मोदी को हमेशा के लिए भारत का प्रधानमंत्री बनाए रखने की कोशिश कर रहा है।’