उत्तर प्रदेश में इमरजेंसी नंबर डायल 112 सर्विस में संविदा पर तैनात सैकड़ों महिला कर्मचारी वेतन बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर लखनऊ और गाजियाबाद में धरना दे रही हैं। लखनऊ में ये धरना UP-112 के मुख्यालय पर हो रहा था।
पुलिस अफसरों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ। बिजली आपूर्ति बंद करने के बावजूद वह अपनी मांगों को पूरा कराने को लेकर अड़ी रहीं।
वहीं इस दौरान जब महिला कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए सीएम आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया और हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान महिला कर्मियों और पुलिस के बीच झड़प भी देखने को मिली। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अब इस वीडियो पर कॉमेडियन राजीव निगम ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
राजीव निगम ने क्या लिखा
जाने-माने कॉमेडियन राजीव निगम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि महिलाओं के बारे में बड़ी बड़ी बातें करेंगे, महिला सम्मान और महिला शक्ति वंदन जैसे ढोंग रचेंगे। असलियत में महिलाओ को उनका हक़ और अधिकार मांगने पे इस तरह से उन्हें अपमानित किया जाता है..पीटा जाता है, खींचा जाता है ये कोई पहली बार नहीं हुआ है। उत्तर प्रदेश में आये दिन महिलाओ के साथ ऐसा ही होता है। कॉमेडियन का यह ट्वीट काफी वायरल हो रहा है।
यूजर्स की प्रतिक्रिआएं
कॉमेडियन की ट्वीट पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि ‘बातें करने में ही तो माहिर हैं… मणिपुर से लेकर महिला खिलाडियों के साथ किए गए रवैए से जान सकते हो कि कथनी और करनी में कितना फ़र्क है।’ एक अन्य यूजर ने लिखा कि ‘आप इन पुलिस महिलाओं में सर्वे करा लीजिए किसको वोट किया था और अगले चुनाव में किसको वोट करेगी।’
क्या है पूरा मामला
दरअसल इमरजेंसी डायल नंबर 112 सर्विस में सभी महिला कर्मचारी ही कॉल रिसीव कर लोगों तक पुलिस की मदद पहुंचाने का काम करती हैं। इन महिलाओं की नौकरी परमानेंट नहीं होती है। प्राइवेट कंपनियों को टेंडर दिया जाता है। वो प्राइवेट कंपनियां फिर कॉन्ट्रैक्ट पर लोगों को काम पर रखती हैं। बीते पांच सालों से यह टेंडर टेक महिंद्रा के पास था, जो की खत्म हो गया है। अब इसका टेंडर किसी नई कंपनी को दे दिया गया है। नई कंपनी अब उन्हें नौकरी से निकालने की तैयारी कर रही है। महिलाओं का कहना है कि नई कंपनी ने उन्हें कोई कॉन्ट्रैक्ट या ऑफर लेटर नहीं दिया है। इस लिहाज से उनके पास कोई प्रूफ नहीं है कि वो UP-112 में काम करती हैं। सभी कर्मचारी को नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही है, इसके अलावा पिछले पांच सालों से उनकी सैलरी भी नहीं बढ़ाई गई है। इन्हीं सब चीजों के खिलाफ महिल कर्मचारी धरना प्रदर्शन कर रही हैं।