70 के दशक में बॉलीवुड में कई पॉपुलर एक्ट्रेसेस रही हैं, जिन्होंने अपने अभिनय के साथ-साथ खूबसूरती से दर्शकों का दिल जीता। साथ ही स्क्रीन पर अलग छाप छोड़ी है। आज पर्दे पर एक्ट्रेसेस को काफी बोल्ड देखा जाता है। लेकिन एक जमाने में पर्दे पर बोल्डनेस दिखाना मेकर्स के लिए काफी कठिन हुआ करता था। क्योंकि जल्दी कोई भी अभिनेत्री राज़ी नहीं हुआ करती थीं और अगर कोई बोल्ड दिखता था तो उसके खूब चर्चे होने लगते थे। ऐसे में अब उस जमाने की पॉपुलर अभिनेत्री मुमताज ने बिकिनी पहनने का किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि वो कभी भी पर्दे पर बिकिनी नहीं पहनना चाहती थीं लेकिन, फिरोज खान के कहने पर पहनी थी।
70 के दशक में बिकिनी पहनने वाली एक्ट्रेसेस की लिस्ट में कई नाम शामिल हैं। इसी में एक मुमताज भी रही हैं। मुमताज ने साल 1972 में फिल्म ‘अपराध’ के लिए बिकिनी पहनी थी। इसे फिल्ममेकर फिरोज खान ने बनाया था। ऐसे में अब इस सीन को लेकर एक्ट्रेस ने बात की है। दरअसल, मुमताज ने हाल ही में जूम के साथ बात की और खुद से जुड़े किस्से-कहानियां बताई। इस दौरान उन्होंने पहली बार बिकिनी पहनने के अनुभव के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि वो टॉप एक्ट्रेसेस में एक थीं। इसलिए वो उन दिनों कह भी सकती थीं कि उन्हें बिकिनी नहीं पहननी है।
मुमताज आगे बताती हैं कि वो बिकिनी कभी नहीं पहनना चाहती थीं लेकिन, उन्होंने सिर्फ फिरोज खान की वजह से हां कहा था। एक्ट्रेस ने फिरोज के एक वादे की वजह से इस सीन के लिए हामी भरी थी। उन्होंने मुमता से वादा किया था कि अगर वो सीन उन्हें पसंद नहीं आया तो वो इसे एडिट कर देंगे। मेकर ने उन पर भरोसा जताया था कि वो कर सकती हैं। ऐसे में मुमताज और फिरोज अच्छे दोस्त थे और इसकी वजह से एक्ट्रेस को भी उन पर भरोसा था कि वो सीन हटा देंगे। उनके साथ धोखा नहीं करेंगे।
‘अपराध’ में बिकिनी पहनने के बाद मिले कई ऑफर
मुमताज ने बताया कि जब उन्होंने फिल्म में इस सीन को देखा तो विश्वास हुआ कि वो बहुत अच्छी लग रही हैं। बाद में मेकर्स की ओर से नए-नए ऑफर आने लगे। उन्होंने भी मांग की कि वो ऐसी ही ड्रेस पहनें। लेकिन, एक्ट्रेस ने इसके लिए मना कर दिया। इसके बाद मुमताज ने कभी बिकिनी नहीं पहनी।
आजकल की एक्ट्रेस को लेकर बोलीं मुमताज
इतना ही नहीं, मुमताज ने आजकल की एक्ट्रेस के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि आज के दौर में चीजें बदल गई हैं। अबकी एक्ट्रेसेस काफी बोल्ड हो गई हैं। 70 के दशक की एक्ट्रेस कहती हैं कि उनके जमाने में कभी भी ऐसे दिखावटी कपड़े नहीं पहने जाते थे। अंत में मुमताज ने सवाल भी किया कि क्या कोई महिला साड़ी में ग्लैमरस नहीं दिखती अगर उसे थोड़ा नीचे पहना जाए तो?