CineGram: हिंदी सिनेमा के शोमैन राज कपूर की फिल्मों की तरह उनकी पर्सनल लाइफ भी खूब चर्चा में रही है। उनके लव अफेयर्स के किस्से आज भी लोगों को याद हैं। नरगिस के लिए उनका प्यार इस हद तक बढ़ गया था कि वो खुद को नुकसान पहुंचाने लग थे। साल 1958 में सुनील दत्त से शादी कर ली थी और ये राज कपूर सहन नहीं कर पा रहे थे, ऐसे में वो बहुत दुखी रहने लगे थे।
राज कपूर की किताब ‘राज कपूर स्पीक्स’ के मुताबिक एक्टर ने जर्नलिस्ट सुरेश कोहली से कहा था कि उन्हें ऐसा लगा था कि उन्हें धोखा दिया गया है। किताब में लिखा है कि नरगिस से अलग होने के बाद जब उन्हें पता चला वो सुनील दत्त से शादी कर रही है तो वो टूट गए थे। कहा जाता है कि वो खुद को सिगरेट से जलाया करते थे।
कृष्णा राज कपूर ने भी ऑथर बनी रूबेन को बताया था कि राज कपूर रात को शराब के नशे में धुत घर आते थे और अक्सर बाथटब में गिर जाते थे और बहुत ज्यादा रोते थे। राज कपूर को लेकर कहा जाता है कि वो नरगिस से ही सच्चा प्यार करते थे।
कहा जाता है कि ब्रेकअप के दो दशक बाद भी राज कपूर ने सुरेश कोहली से उसी दर्द के साथ ब्रेकअप को लेकर बताया था कि जैसे अभी-अभी उन्हें धोखा मिला हो। बता दें कि जिस वक्त दोनों का रिश्ता था तब राज कपूर पहले से ही शादीशुदा थे। नरगिस भी शादी कर के अपना घर बसाना चाहती थीं लेकिन एक शादीशुदा शख्स के साथ वो कैसे अपना घर बसातीं। इसके लिए उन्होंने तत्कालीन गृह मंत्री मोरारजी देसाई से सलाह ली थी कि कानूनी तौर पर वो राज कपूर से कैसे शादी कर सकती हैं।
मधू जैन की किताब ‘द कपूर्स’ के मुताबिक जब दोनों के अफेयर के बारे में उनके परिवार को पता चला था तो खूब हंगामा हुआ था। फिर राज कपूर ने अपने पिता से वादा किया था कि वो कभी कृष्णा का साथ नहीं छोड़ेंगे।