70 के दशक की हिंदी सिनेमा जगत की फेमस एक्ट्रेस रहीं शबाना आज़मी ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों के लिए जानी जाती हैं। फिल्मों में उनकी एक्टिंग तो लोगों को पसंद आती ही थी साथ ही उनका सादगी भरा अंदाज दर्शकों का दिल जीत लेता था। आज भी वो फिल्मो में एक्टिव हैं और वही नजाकत बड़े पर्दे पर दिखती है। फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में धर्मेंद्र के साथ उनकी केमिस्ट्री क्या खूब जमी थी। प्रोफेशनल लाइफ में तो शबाना आज़मी सफल रहीं लेकिन, पर्सनल लाइफ उन्हें काफी कुछ सहना पड़ा। उन्होंने जावेद अख्तर से शादी की। लेकिन कभी मां नहीं बन पाईं। ऐसे में अ उन्होंने इस दर्द के बारे में हमारे सहयोगी द इंडियन एक्सप्रेस से बताया। चलिए बताते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

दरअसल, शबाना आज़मी आज 74 साल की हो गई हैं। उनका जन्म 18 सितंबर, 1950 को हैदराबाद में हुआ था। वो शौकत आज़मी और कवि-राइटर कैफी आज़मी की बेटी हैं। शौकत भी फिल्म इंडस्ट्री का जाना-माना नाम रही हैं। उन्होंने ‘उमराव जान’ और ‘सलाम बॉम्बे’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया था। उनका निधन मई, 2019 को हुआ था। बहरहाल, शबाना आज़मी पर वापस लौटते हैं। उन्होंने अपने 74वें जन्मदिन के मौके पर द इंडियन एक्सप्रेस के पत्रकार फरहाना फरूक से बात की और उनसे काफी कुछ शेयर किया है। इस बातचीत में एक्ट्रेस से पूछा गया कि उन्होंने अपने आपको उस समय कैसे संभाला था जब उन्हें पता चला था कि वो जावेद अख्तर के बच्चों की मां नहीं बन सकती हैं।

इस सवाल के जवाब में शबाना आज़मी ने बताया, ‘खुद को मनाना बड़ा मुश्किल होता है कि आप बच्चे को जन्म नहीं दे सकती हैं। मेरे लिए भी इसे स्वीकारना काफी मुश्किल भरा रहा था। जब एक महिला मां नहीं बन पाती है तो ये समाज उसे अधूरेपन का एहसास करवाता है। मुझे खुद को इससे बाहर निकालने में कड़ी मेहनत करनी पड़ी।’ शबाना आज़मी का आगे मानना है, ‘महिलाएं अपनी कीमत का अंदाजा अपने रिश्तो से लगाती हैं। लेकिन, एक पुरुष के साथ ऐसा नहीं है। पुरुषों को संतुष्टि उसका करियर और काम देता है। मेरा मानना है कि ये सभी जेंडर में समान होना चाहिए और महिलाओं को भी अपनी खुशी अपने काम में ढूंढनी चाहिए।’

जब शबाना आज़मी ने किया था मां से सवाल

इतना ही नहीं, शबाना आज़मी ने इसी इंटरव्यू में आगे बताया कि उन्होंने मां से सवाल किया था कि वो एक बेहतरीन गृहणी और पत्नी थीं तो उन्हें सबसे ज्यादा संतुष्टि किस चीज से मिलती है। इस पर उनका जवाब सुन एक्ट्रेस शॉक्ड रह गई थीं। शबाना आज़मी ने मां के जवाब के बारे में बताया, ‘मुझे (शौकत आज़मी) मेरे काम और उसकी वजह से मिलने वाली प्रशंसा से संतुष्टि मिलती है। मुझे लगता है कि महिलाओं को अपने रिश्ते के बंधन से उठकर अपने लिए काम करना चाहिए। मैं ऐसा नहीं बोल रही हूं कि अपने जिम्मेदारियों को छोड़ देना चाहिए। ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए। लेकिन, अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने लिए भी कुछ करना चाहिए, जिससे आपको खुशी मिले और उनका पार्टनर उनकी इज्जत करे।’