Happy Birthday Rekha: हिंदी सिनेमा जगत में रेखा (Rekha) आज भले ही फिल्मों से दूर हैं। मगर, फैंस उनकी एक झलक पाने का आज भी बेसब्री से इंतजार करते हैं। उन्होंने अपने करियर में 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उन्हें उनके अभिनय के लिए ‘एवर ग्रीन’ एक्ट्रेस भी कहा जाता है। रेखा कभी भी एक्टिंग में नहीं आना चाहती थीं बावजूद इसके उन्होंने अपने अभिनय से लोगों को कायल कर दिया है। ना केवल उनके अभिनय बल्कि उनकी अदाओं के भी लोग दीवाने हैं। रेखा की जिंदगी से जुड़े किस्से काफी रहे हैं। इसी में से एक उस किस्से के बारे में बता रहे हैं, जिसके बारे में उन्होंने खुद बताया था कि एक रेप सीन के बाद उनका एक्टिंग में मन लगने लगा था। चलिए बताते हैं…

दरअसल, रेखा आज अपना 70वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म 10 अक्टूबर, 1954 को चेन्नई में हुआ था। रेखा फिल्म इंडस्ट्री में 3 साल की उम्र से काम कर रही हैं लेकिन, कभी भी वो फिल्मों में नहीं आना चाहती थीं। वो कहती हैं कि उन्हें मार-मारकर एक्टिंग में लाया गया है। इतना ही नहीं, रेखा से जब ये पूछा गया था कि उन्होंने 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है तो इसमें उनकी फेवरेट फिल्म कौन सी है? तो इसके जवाब में एक्ट्रेस ने कहा था कि उन्हें अपनी कोई फिल्म पूरी नहीं पसंद आई। इस दौरान उन्होंने एक रेप सीन का जिक्र किया जिसके बाद उन्हें लगा कि एक्टिंग करनी चाहिए।

वो सीन रियलिस्टिक लगा- रेखा

साल 1986 में रेखा ने बीबीसी को दिए इंटरव्यू में खुद से जूड़ी इन सारी बातों का खुलासा किया था। इस दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़े किस्से साझा किए। इसी बातचीत में एक्ट्रेस ने बताया था कि फिल्म ‘उमराव जान’ के लिए उन्हें भले ही नेशनल अवॉर्ड मिला था लेकिन, वो इसमें अपने काम को सबसे बेहतरीन नहीं मानती हैं। इसी इंटरव्यू में उनकी पसंदीदा फिल्म के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कोई फिल्म पूरी पसंद नहीं आई लेकिन, साल 1978 में रिलीज हुई फिल्म ‘घर’ में उनका अपना एक रेप सीन था, जो उन्हें पसंद आया। एक्ट्रेस ने बताया कि ये काफी रियलिस्टिक लगा और इसके बाद उनके विचार बदल गए। यहां से उन्हें लगा था कि फिल्मों में काम करना चाहिए। इस सीन को देखकर उनको लगा कि कुछ बेहतर काम किया है।

दिल के दर्द ने दिलाया नेशनल अवॉर्ड

इसके साथ ही, रेखा ने इसी इंटरव्यू में ‘उमराव जान’ के लिए नेशनल अवॉर्ड मिलने का भी किस्सा बताया। उन्होंने इस पर खुलकर बात करते हुए कहा था कि उन्हें नहीं लगता है कि उन्होंने इस फिल्म में कोई चमत्कार किया है। रेखा का मानना है कि उन्होंने इसके लिए कोई खास मेहनत नहीं की थी। एक्ट्रेस ने बताया था कि वो उस समय अपनी निजी जिंदगी में ऐसे दौर से गुजर रही थीं कि दिल का दर्द चेहरे पर दिखने लगा था, जो कि पर्दे पर आ गईं।

फिल्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक रखती हैं रेखा

इसके साथ ही अगर रेखा के बैकग्राउंड की बात की जाए तो वो फिल्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक रखती हैं। वो साउथ के सुपरस्टार और रोमांस के किंग कहे जाने वाले जेमिनी गणेशन और एक्ट्रेस पुष्पावल्ली की बेटी हैं। उनके माता-पिता दोनों ही साउथ के बड़े स्टार्स रहे हैं। दैनिक भास्कर में छपी रिपोर्ट की मानें तो कहा जाता है कि रेखा को कभी पिता का प्यार नहीं मिला। उन्होंने एक्ट्रेस को कभी अपनाया ही नहीं। शादीशुदा होकर भी उनके पिता जेमिनी गणेशन ने को-स्टार सावित्री से गुपचुप शादी कर ली थी। इस खबर के बाद रेखा की मां पुष्पावल्ली बुरी तरह से टूट गई थीं। पिता के रिश्ता तोड़ने के बाद घर की सारी जिम्मेदारी रेखा पर आ गई थी। 14 साल की रेखा को उस समय घर की स्थिति समझ आ रही थी इसलिए मां के कहने पर उन्होंने फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। बीबीसी के इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने बताया था कि वो फिल्मों में मार खाकर आई हैं।

रेखा ने एक्टिंग में करियर की शुरुआत साल 1958 में तेलुगू मूवी ‘Inti Guttu’ से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी। इसके बाद वो साल 1969 में कन्नड़ फिल्म Operation Jackpot Nalli CID 999 में बतौर लीड एक्ट्रेस नजर आईं। वहीं, बॉलीवुड में रेखा ने फिल्म ‘सावन भादो’ से करियर की शुरुआत की थी। इसे साल 1970 में रिलीज किया गया था और उनकी पहली ही फिल्म हिट रही थी। इसके बाद रेखा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।