बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार कहे जाने वाले एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की आज फैन फॉलोइंग ना केवल इंडिया में बल्कि विदेशों में भी है। अपने अभिनय और एक्शन के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। आज दुनियाभर में उन्हें लोग अक्षय के नाम से ही जानते हैं। जबकि उनका असली नाम राजीव भाटिया है। अब उन्होंने इस नाम से पहचान क्यों नहीं बनाई? आखिरकार ऐसा क्या हुआ होगा जो उन्होंने अपना नाम ही बदल लिया? ऐसे कई सवाल अक्सर लोगों के जहन में आते होंगे। ऐसे में अब अक्षय ने खुद इसके पीछे की वजह के बारे में बताया है साथ ही ये भी बताया कि जब उन्होंने अपना नाम बदला तो पिता का क्या रिएक्शन था। चलिए जानते हैं एक्टर ने क्या कुछ कहा।

दरअसल, अक्षय कुमार ने इन दिनों फिल्म ‘सरफिरा’ को लेकर चर्चा में हैं। इसे हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज किया गया है, जिसे दर्शकों से मिला जुला रिएक्शन मिल रहा है। इसी बीच उन्होंने गलाटा प्लस से बातचीत की और नाम बदलने की वजह का खुलासा किया है। एक्टर ने कहा कि राजीव अच्छा नाम तो था। उन्होंने बस ऐसे ही अपना नाम बदल लिया। एक्टर ने कहा कि ऐसा नहीं है कि किसी ज्योतिषि ने उन्हें अपना नाम बदलने के लिए कहा और बदल दिया।

नाम बदलने पर अक्षय कुमार ने अपने पापा के रिएक्शन के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्होंने उनसे कहा था कि आखिर उन्हें इस नाम में दिक्कत क्या है? इस पर एक्टर ने पिता को जवाब दिया कि उनकी पहली फिल्म में हीरो का नाम अक्षय था तो अभी वो अपना नाम यही रखने वाले हैं।

‘आज’ से की थी करियर की शुरुआत

आपको बता दें कि अक्षय कुमार ने साल 1987 में पहली बार फिल्म में काम किया था। उनकी पहली फिल्म ‘आज’ थी। इसमें राज बब्बर, स्मिता पाटिल और कुमार गौरव अहम रोल में थे। जबकि अक्षय कुमार ने एक छोटा सा रोल प्ले किया था। इसमें कुमार गौरव हीरो थे, जिनके किरदार का नाम अक्षय था। अक्षय कुमार को ये नाम काफी पसंद आया तो एक्टर ने अपना असली नाम राजीव भाटिया से बदल दिया।

‘सरफिरा’ ने की इतनी कमाई

बहरहाल, अगर अक्षय कुमार की फिल्म ‘सरफिरा’ के बारे में बात की जाए तो इसे सिनेमाघरों में मिला जुला रिएक्शन मिला है। इसकी रिलीज को तीन दिन हो चुके हैं और पहला वीकेंड जा चुका है। इसने पहले दिन 2.5 करोड़ , दूसरे दिन 4.25 करोड़ और तीसरे दिन 5.1 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके बाद इसकी तीन दिनों की कुल कमाई 11.85 करोड़ हो गई है। इसे 12 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। फिल्म की कहानी बिजनेसमैन जी.आर. गोपीनाथ की लाइफ पर आधारित है। साउथ में पहले ही इस पर ‘सोरारई पोटरु’ नाम से फिल्म बन चुकी है। इसमें एक्टर सूर्या ने लीड रोल प्ले किया था।