छठ पूजा 2024 की शुरुआत हो चुकी है। 5 नवंबर से इसकी शुरुआत हुई थी और आज यानी कि 6 नवंबर को खरना है। इस त्यौहार की खास तैयारियां श्रद्धालु कर चुके हैं। तीन दिनों के इस महापर्व को लोग बड़ी ही धूम धाम से मनाते हैं। इसकी जबरदस्त धूम सेलेब्स के बीच भी देखने के लिए मिलती है। स्पेशली उन सेलेब्स के बीच, जो यूपी और बिहार से ताल्लुक रखते हैं। इसी कड़ी में अब ‘भूल भुलैया 3’ फेम एक्टर संजय मिश्रा ने छठ पूजा के पुराने दिनों को याद किया है। वो इस मौके पर काफी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि अब पहले वाली बात नहीं रही है। वो दिल छूने वाली बातें बताकर रो पड़े।

दरअसल, संजय मिश्रा ने ‘डिजिटल कमेंट्री’ से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने छठ को लेकर यादें साझा की। इस दौरान बातचीत में संजय मिश्रा ने छठ पूजा के साथ अपने गहरे जुड़ाव के बारे में बताया। संजय मिश्रा का जन्म बिहार के दरभंगा में हुआ था लेकिन, उनका काफी समय उत्तर प्रदेश के बनारस में बीता है। इस क्षेत्र में छठ पूजा का खास महत्व देखने के लिए मिला है। ऐसे में अब उन्होंने छठ पूजा से अपने गहरे लगाव के बारे में कहा कि वो इस त्यौहार को अपने बचपन से रिलेट करते हैं।

संजय मिश्रा के छलके आंसू

संजय मिश्रा ने कहा कि अब वो इसे नहीं कर पाते हैं क्योंकि अब उनके दादा नहीं रहे, जो उनकी उंगली पड़कर ले जाते थे। वो कहते हैं कि वो बीते दिन ही इसके बारे में सोच रहे थे कि जगाने के लिए पिता नहीं रहे कि आकर बोलें कि घाट छेकने जाना है। संजय कहते हैं कि अब तो छठ के समय ठंड भी नहीं पड़ती है। ये कहते हुए उनके आंसू छलक जाते हैं। अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए संजय मिश्रा ने बताया कि उस समय तो इतनी ठंड होती थी कि अगर कोई हो तो चुपचाप गंगा जी में लुढ़का दे तो ऐसे कहते थे कि रो क्यों रहे हो, चाची को तो अभी पूरा देर तक ऐसे ही खड़े रहना है और वो तो डूबकर आए हैं बस।

‘वध’ फेम एक्टर ने कहा कि अब पहले वाले लोग नहीं रहे, जिन लोगों से छठ था। वो बताते हैं कि सब चाचा आते थे, बुआ आती थीं, चाची व्रत करती थीं। अब लोग नहीं रहे और उनका मानना है कि इसमें बुरा मानने वाली बात भी नहीं है। जीवन समय के साथ बदलता गया।

संजय मिश्रा की प्रोफेशनल लाइफ

आपको बता दें कि संजय मिश्रा 61 साल के हैं और वो लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। उन्होंने फिल्म ‘ओ डार्लिंग ये है इंडिया’ से डेब्यू किया था। संजय को फिल्म इंडस्ट्री में 5 दशक हो चुके हैं और अपने करियर में उन्हें कई अवॉर्ड्स भी मिले हैं। वर्कफ्रंट की बात की जाए तो आखिरी बार उन्हें कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘भूल भुलैया 3’ में कॉमेडी करते हुए देखा गया था।

छठ के मौके पर बिहार कोकिला शारदा सिन्हा का निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान से किया जाएगा। उनसे जुड़े सभी अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।