23 अगस्त यानी आज शाम चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंड करने वाला है। ये पल भारत के लिए बहुत खास है, हर कोई Chandrayan 3 की सफल लैंडिंग की प्रार्थना कर रहा है। इसी बीच सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने भी इसके लिए शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश की भावनाओं को व्यक्त किया है।
अमिताभ बच्चन ने 22 अगस्त को कहा,”कल शाम को जब चांद निकलेगा ना, तो उस चांद की मिट्टी पर हमारे देश के कदमों की छाप होगी। कल हमारा चंद्रयान 3 अपने मामा के घर, यानी के चंदा मामा के घर पहुंचेंगे। कल हमारे बचपन की कहानियों का चांद, प्रेमिका के चेहरे का चांद, व्रत और त्योहारों का चांद अपने देश की पहुंच में होगा। ये उपलब्धी इस देश के हर नागरिक के लिए एक मैसेज है कि देश ने करवट ले ली है,अब हमको भी कुछ करना है।” इसके साथ ही बच्चन ने ISRO की टीम को बधाई दी है।
करीना कपूर समेत इन एक्टर्स ने भी दी शुभकामनाएं
अमिताभ बच्चन के अलावा करीना कपूर, आर.माधवन, मनोज जोशी, ऋषभ शेट्टी समेत कई एक्टर्स ने चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग की कामना की है। एएनआई के साथ बात करते हुए करीना कपूर ने कहा कि ये हर भारतीय के लिए गर्व का पल है। हर भारतीय इसे देखने का इंतजार कर रहा है। एक्ट्रेस ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ इस खास पल को देखने वाली हैं।
मनोज जोशी ने ISRO को बधाई देते हुए कहा,”इसमें कोई संदेह नहीं है कि चंद्रयान 3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरेगा क्योंकि, भारत के प्रत्येक नागरिक की तरह, मुझे भी भारत के उन सभी वैज्ञानिकों पर भरोसा है जिन्होंने इस मिशन में योगदान दिया है।”
माधवन ने सोशल मीडिया पर लिखा,”चंद्रयान-3 पूरी तरह सफल होगा। मेरे शब्दों पर ध्यान दें। इस शानदार सफलता पर @isro को अग्रिम बधाई.. मैं बहुत खुश और गौरवान्वित हूं… @NambiNOfficial को भी बधाई.. विकास इंजन ने लॉन्च के दौरान एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन किया।”
ऋषभ शेट्टी ने लिखा,”कल भारत के लिए एक और मील का पत्थर है, इस ऐतिहासिक दिन का गवाह बनकर रोमांचित हूं। आइए #विक्रमलैंडर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए प्रार्थना में शामिल हों।”
बता दें कि चंद्रयान 3 से पहले चंद्रयान-1 और 2 चांद पर भेजे गए थे। पहला चंद्रयान अक्टूबर 2008 में लॉन्च किया गया था। चंद्रयान-2 विफल हो गया था क्योंकि 6 सितंबर, 2019 को उतरने का प्रयास करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे चंद्रयान-3 एक महत्वपूर्ण इवेंट बन गया है।
