बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर मलाइका अरोड़ा संग अपने रिलेशनशिप को लेकर अकसर खबरों में रहते हैं। लेकिन जब अर्जुन बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे थे उस वक्त भी उनकी खूब चर्चा हुई थी। अर्जुन कपूर खुद जाने माने फिल्ममेकर बोनी कपूर (Boney Kapoor) के बेटे हैं। ऐसे में उम्मीदें थीं कि जब भी अर्जुन बॉलीवुड में कदम रखेंगे, उनके पिता ही उन्हें लॉन्च करेंगे।
हालांकि ऐसा नहीं हुआ, अर्जुन कपूर ने फिल्म ‘इशकजादे’ से फिल्मी दुनिया में डेब्यू किया था। फिल्म में परिणीति चोपड़ा उनके अपोजिट थीं और ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी। फिल्म को हबीब फैजल ने डायरेक्ट किया था। फिल्म यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी थी।
ऐसे में सवाल किए जाने लगे थे कि आखिर बोनी कपूर ने बेटे को लॉन्च क्यों नहीं किया? ऐसे में एक बार जब अर्जुन कपूर कपिल शर्मा के शो द कपिल शर्मा शो में रणवीर सिंह के साथ अपनी फिल्म गुंडे के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे, तब अर्जुन से कपिल ने इस बारे में सवाल पूछ लिया था।
शो में नवजोत सिंह सिद्धू सामने बैठे थे। ऐसे में कपिल ने अर्जुन के लिए कहा था- ‘आपको पता है पाजी अर्जुन के बारे में? ये फिल्मी परिवार से हैं, इनके पिताजी दिलेर प्रोड्यूसर माने जाते हैं। क्योंकि एक टाइम था जब रूप की रानी चोरों का राजा उस वक्त की सबसे बड़े बजट वाली फिल्म थी। वह सबसे महंगी फिल्म थी उस वक्त की।’
उन्होंने आगे कहा- ‘इनके चाचा जी अनिल कपूर, मतलब पूरी फैमिली स्टार्स की है। लेकिन फिर भी लॉन्च आपको किसी और ने किया? तो क्या घरवाले रिस्क नहीं लेना चाहते थे?’ ये सुनते ही अर्जुन कपूर पहले सोच में पड़ गए औऱ फिर हंस पड़े। इसके बाद अर्जुन ने जवाब में कहा- ‘एक्चुली क्या हुआ सारे पैसे तो खर्च हो गए रूप की रानी चोरों का राजा पर। तो मेरे लिए कुछ बचा नहीं।’
अर्जन के इस स्वैग से भरे जवाब पर सब हंस पड़े। बता दें, साल 2012 में अर्जुन कपूर ने फिल्म इशकजादे से बॉलीवुड में एंट्री मारी थी। अर्जुन कपूर को इस फिल्म के लिए बेस्ट डेब्यू एक्टर का अवॉर्ड भी मिला था। अब अर्जुन कपूर जल्द ही ‘भूत पुलिस’ में नजर आने वाले हैं।