इन दिनों नेहा कक्कड़ मेलबर्न कॉन्सर्ट को लेकर चर्चा में हैं, जहां उनकी लाइव ऑडियंस ने देर से आने के लिए उन्हें खूब सुनाया। ऐसा कम ही होता है जब बड़े-बड़े स्टार्स को इस तरह की शर्मिंदगी महसूस करनी पड़े। क्योंकि स्टार्स जहां जाते हैं फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए तरसते हैं। मगर कभी-कभी फिल्मी सितारों के साथ भी अजीबो गरीब घटना हो जाती हैं। कुछ फिल्मी स्टार्स को तो थप्पड़ तक पड़ जाते हैं। आज हम आपको ऐसे ही बॉलीवुड की हस्तियों के बारे में बताने वाले हैं, जिनके साथ बदसलूकी हुई। इनमें सलमान खान का नाम भी शामिल है।
सलमान के साथ लड़की ने की थी बदतमीजी
किस्सा साल 2009 का है, बताया जाता है कि दिल्ली की एक पार्टी में बिजनेसमैन की बेटी ने नशे की हालत में सलमान के साथ बदसलूकी की थी। ये घटना एक 5 स्टार होटल की है, जहां लड़की नशे में बवाल मचा रही थी और जब सलमान ने उसे समझाने की कोशिश की तो उसने उन्हें थप्पड़ मार दिया।
गौहर खान
गौहर खान के साथ हुआ थप्पड़ कांड काफी चर्चा में रहा था। बात 2014 की है और गौहर एक रिएलिटी शो की होस्ट थीं। ऑडियंस में बैठे एक शख्स ने अचानक उन्हें थप्पड़ मार दिया और इसका कारण उनके छोटे कपड़ों को बताया। हालांकि बाद में ये सामने आया कि वो गौहर का पब्लिसिटी स्टंट था। उस शख्स ने दावा किया था कि ‘दबंग 3’ में रोल पाने के लिए गौहर ने ये प्लान किया था।
रणवीर सिंह
रणवीर सिंह आए दिन किसी ना किसी कारण चर्चा में रहते हैं। एक बार जब रणवीर साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवॉर्ड्स में शामिल हुए थे तो ऑडियंस में से एक शख्स ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था। इसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ था।
बिपाशा बसु को करीना ने मारा था थप्पड़
करीना कपूर और बिपाशा बसु ने फिल्म ‘अजनबी’ में काम किया था। बताया जाता है कि फिल्म के सेट पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया और करीना ने बिपाशा को चांटा मार दिया। इसके बाद से दोनों में दुश्मनी हो गई और उन्होंने कभी साथ काम नहीं किया।
मल्लिका शेरावत
मल्लिका शेरावत अपनी बोल्ड इमेज के कारण काफी विवादों में रही हैं। लोग उनकी काफी आलोचना करते थे। हद तो तब हुई जब किसी ने उनके घर में घुसकर उनकी पिटाई कर दी। बात साल 2016 की है, मल्लिका अपने बॉयफ्रेंड के साथ एक अपार्टमेंट में रहती थीं। कुछ नकाबपोश लोग उनके घर में घुसे और आंसू गैस के गोले छोड़े फिर उन्हें पीटा।