Jammu and Kashmir Pulwama’s Awantipora Terror Attack: गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमला हुआ। इस हमले में सीआरपीएफ के लगभग 40 जवानों ने अपनी जान गंवा दी। इस हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली है। इस घटना पर पूरा देश सदमे और गुस्से में है। बॉलीवुड से लेकर खेल जगत के लोगों ने भी इस आतंकी साजिश की कड़ी निंदा की है। इस हमले पर सिंगर सोनू निगम ने भी दुख जाहिर किया। सोनू निगम ने हमले की निंदा करते हुए ‘सेक्युलर’ लोगों पर तंज कसा है। सोनू निगम ने कहा कि, ‘जवानों की शहादत का अफसोस आप क्यों मना रहे हैं। आप तो भारत तेरे टुकड़े होंगे जैसी सोच रखने वाले सेक्युलर लोग हैं। सुना आप लोग बहुत बवाल मचा रहे हैं, दुख जता रहे हैं..क्योंकि कुछ सीआरपीएफ के लोग मर गए हैं। कुछ 44 लोग थे, 44 लोग हो या 440 लोग आप क्यों इतना दुखी हैं। इसमें दुख वाली क्या बात है। आप वो करिए जो इस देश में सही है। जो सेक्युलर लोग करते हैं। इन बातों पर दुख मनाना बीजेपी, आरएसएस, हिंदुत्ववादी, राष्ट्रवादी संस्थाओं पर छोड़ दीजिए। आप वो कीजिए जो सेक्युलर लोग करते हैं।’

सोनू निगम अपनी बात के अंत में कहते हैं कि, ‘अगर भारत में रहना है तो इस तरह की सेक्युलर सोच होनी चाहिए। यहां वंदे मातरम कहना गलत है। सीआरपीएफ जवानों की मौत पर दुख मत मनाइए। नमस्ते भी नहीं बोलना है लाल सलाम बोलिए।’ सोनू निगम ने वीडियो जारी कर ये बातें कही हैं।

 

सोनू निगम की बातें सुनकर समझा जा सकता है कि उनका ईशारा किस तरफ है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है। लेकिन उनका इशारा बॉलीवुड और राजनीति के उन लोगों की तरफ दिख रहा है जो लेफ्ट विचारधारा रखते हैं।

(Entertainment की और खबरें)