बॉलीवुड की मशहूर डायरेक्टर और स्क्रीन राइटर शगुफ्ता रफीक (Shagufta Rafique) ने एक वीडियो पोस्ट कर देश में लॉककडाउन (Lockdown) के कारण अपने-अपने घरों को लौटने के लिए मजबूर गरीब और मजदूर वर्ग के प्रति संवेदना प्रकट की है। शगुफ्ता रफीक ने ट्वीट कर लिखा, ‘आदमी और जानवर एक ही सड़क पर सद्भाव में रहते हैं। आदमी को जानवर से नहीं इंसान से बचाने की जरूरत है।’

दरअसल शगुफ्ता रफीक ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें तेंदुए के पीछे-पीछे प्रवासी मजदूर सड़क पार करते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो उत्तराखंड में जिम कॉर्बेट के पास का है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक तेंदुआ वहां, से गुजरता है और उसके पीछे-पीछे करीब 5 प्रवासी मजदूर आते हैं प्रवासी मजदूरों ने अपने हाथों में टॉर्च पकड़ी हुई, जो कि शहरों से अपने गांव लौट रहे होते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है वहीं शगुफ्ता रफीक के ट्वीट पर भी फैंस रिएक्ट कर रहे हैं।

शगुफ्ता रफीक बॉलीवुड में जाना पहचाना नाम हैं। शगुफ्ता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और आए दिन कोई न कोई ट्वीट या पोस्ट शेयर करके चर्चा में बनी रहती हैं। शगुफ्ता खुलकर बातचीत करने के लिए जानी जाती हैं और समसामयिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय पेश करती हैं। इस वक्त भारत ही नही बल्कि पूरा विश्व कोरोना वायरस के कारण परेशानी झेल रहा है। ऐसे में कोरोना वायरस के प्रकोप को कम करने के लिए भारत में लॉकडाउन लगा हुआ है।

लॉकडाउन के कारण लाखों की संख्या में गरीब और मजदूर वर्ग अपने-अपने घरों को लौट रहे हैं। इस दौरान कई जगह मजदूरों के साथ हादसे भी हुए हैं। हाल ही में औरंगाबाद में ट्रेन से कुचले जाने के कारण करीब 16 मजदूरों की दर्दनाक तरीके से मौत हो गई थी वहीं कई राज्यों में मजदूरों को रोडवेज बसों का शिकार होकर अपनी जान गंवानी पड़ी थी।