CAA: नागरिकता कानून के खिलाफ शाहीन बाग में पिछले दो महीने से प्रदर्शन जारी है ऐसे में प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने फिल्ममेकर अनुराग कश्यप जामिया पहुंचे। जामिया पहुंचकर अनुराग ने प्रदर्शनकारियों का हौंसला बढ़ाया और मंच पर अपने संबोधन के दौरान कहा कि वो NRC या CAA का समर्थन नहीं करते हैं और यह “धैर्य की लड़ाई” है जिसमें छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों को आशा नहीं खोनी है।

अनुराग ने आगे कहा कि मैं जामिया में पहली बार आया हूं। कहीं लग रहा था कि हम मर गए हैं। पर यहां आकर लगा कि हम जिंदा हैं। मेरे लिए ये आंदोलन जामिया से शुरू हुआ है। ये लड़ाई अभी बहुत लंबी है कल परसों के चुनाव के साथ खत्म नहीं होगी। अनुराग ने गृह मंत्री अमित शाह पर भी जमकर निशाना साधा। अनुराग ने कहा कि हमें विश्वास नहीं है कि गृह मंत्री क्या करते हैं। हमें इसमें विश्वास है कि आप क्या करते हैं। वहीं जो लोग कुछ नहीं कह रहे हैं वो आपकी चुप्पी में आपके साथ हैं।

मैं नारे नहीं लगाता, मैं सिर्फ दिल की बात कहता हूं वो डरते हैं कि आप उत्तेजित क्यों नहीं होते हो। उन लोगों को प्यार नहीं पता उनको केवल हिंसा की भाषा आती है। मैं आप लोगों से कह दूं कि इस वक्त आप उस तरीके की सरकार से डील कर रहे हैं जिसमें आपको काफी धैर्य की जरूरत है। हमारी लड़ाई सच के साथ है ये आंदोलन क्या आकार लेगा हम नहीं जानते लेकिन हमें हार नहीं माननी है।

बता दें कि बीते दिनों भी अनुराग कश्यप ने अमित शाह के बारे में बोलते हुए लिखा था कि हमारा गृहमंत्री कितना डरपोक है। खुद की पुलिस, खुद के गुंडे, खुद की सेना और सुरक्षा अपनी बढ़ाता है और निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर आक्रमण करवाता है। घटियापन और नीचता की हद अगर है तो वो है अमित शाह। इसके अलावा भी अनुराग कश्यप लगातार मोदी सरकार की नीतियों का विरोध करते रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिये अपनी आवाज बुलंद करते रहे हैं।